
कर्नाटक चुनाव : भाजपा का एक और विकेट गिरा, अयानूर मंजूनाथ भी छोड़ेंगे भाजपा
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 भाजपा के लिए चुनौती बनता जा रहा है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा अब तक तीन लिस्ट जारी कर चुकी है। भगवा पार्टी ने 222 उम्मीदवारों के नामों को फाइनल कर दिया है। सिर्फ 2 सीट पर नामों की घोषणा अभी तक नहीं हुई है। पर जैसे - जैसे भाजपा की लिस्ट जारी हो रही है वैसे ही भाजपा के दिग्गज नेता पार्टी छोड़ दूसरी अन्य पार्टियों में शामिल हो गए हैं। आज कर्नाटक भाजपा के एक और बड़े नेता ने भाजपा के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान किया। भाजपा नेता अयानूर मंजूनाथ ने कहाकि, मैं विधान परिषद सदस्यता और भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दोनों से इस्तीफा दूंगा। शिवमोग्गा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए मैं आज बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करूंगा। अयानूर मंजूनाथ के इस ऐलान के बाद भाजपा में खलबली मच गई है। वैसे अब तक आठ बड़े नेताओं ने भाजपा का साथ छोड़ दिया है।
भाजपा को गिरने वाला है एक और विकेट
कर्नाटक भाजपा को एक और विकेट गिरने वाला है। शिवमोग्गा जिले से अयानुर मंजूनाथ ने बुधवार को घोषणा की कि, वो एमएलसी पद से इस्तीफा देने के बाद पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ देंगे। मंजूनाथ शिवमोग्गा शहर से टिकट के दावेदार थे, जहां से वर्तमान में पूर्व मंत्री के.एस. ईश्वरप्पा विधायक हैं। भाजपा ने उस निर्वाचन क्षेत्र के लिए टिकट की घोषणा नहीं की है। यहीं पर बजरंग दल कार्यकर्ता हर्ष की नृशंस हत्या हुई थी।
भाजपा ने अयानुर मंजूनाथ को नहीं दिया शिवमोग्गा से टिकट
सूत्रों ने कहा कि, उनकी घोषणा इस बात की पुष्टि करने के बाद आई है कि पार्टी उन्हें शिवमोग्गा से मैदान में नहीं उतारेगी। अयानूर मंजूनाथ ने कहा, मैंने एमएलसी के पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। मैं आज हुबली जाऊंगा और स्पीकर को अपना इस्तीफा सौंपूंगा।
भाजपा पार्टी से इस्तीफा दूंगा
अयानुर मंजूनाथ ने कहा, मैं भाजपा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी अपना इस्तीफा सौंप दूंगा। मैं कल (गुरुवार) शिवमोग्गा निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन भरूंगा। मैं दोपहर तक घोषणा करूंगा कि, मैं किस पार्टी से चुनाव लड़ रहा हूं।
एक राजनीतिक दल से टिकट के लिए चल रही है वार्ता
अयानूर मंजूनाथ ने कहाकि, मैंने यह निर्णय उन लोगों की अनुमति से लिया है जिनका मैंने विधान परिषद में प्रतिनिधित्व किया था। दोपहर में उम्मीदवारी को लेकर एक राजनीतिक दल के नेताओं से अंतिम दौर की बातचीत होगी।
टिकट न मिलने की वजह से नहीं छोड़ रहा हूं पार्टी
अयानूर मंजूनाथ ने कहाकि, मैं भाजपा से इस्तीफा दे रहा हूं। मैं टिकट से इनकार के कारण पार्टी नहीं छोड़ रहा हूं। मैंने यह फैसला शहर के विकास में योगदान देने के लिए लिया है। मुझे कई सवालों के जवाब देने हैं, जो मैं चुनाव के दौरान दूंगा। मैं पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के समर्थन में बयान देने वाला अकेला व्यक्ति हूं।
भाजपा के आठ नेता बने बागी
अब तक भाजपा के जिन आठ नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है। उनमें जगदीश शेट्टार, लक्ष्मण सावदी, पूर्व विधायक डीपी नारीबोल, मंत्री एस अंगारा, विधायक एमपी कुमारस्वामी, विधायक रामप्पा लमानी, विधायक गुली हटी शेखर, एमएलसी शंकर शामिल हैं।
अब भाजपा के सिर्फ दो उम्मीदवार के नाम हैं बाकी
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। भाजपा ने उम्मीदवारों के नामों की पहली लिस्ट 11 अप्रैल जारी की। जिसमें 189 उम्मीदवारों की नाम फाइनल किया। 12 अप्रैल को दूसरी लिस्ट 23 उम्मीदवारों की और 17 अप्रैल को 10 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है।
Published on:
19 Apr 2023 02:03 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
