
कांग्रेस नेता सतीश जरकीहोली (ANI Photo)
Satish Jarkiholi Statement: कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के भीतर नए नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नए मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और मंत्रिमंडल के गठन को लेकर पार्टी में लगातार चर्चा चल रही है। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतीश जरकीहोली ने अपने नाम को लेकर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया और डी.के. शिवकुमार दिल्ली में पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे और वहां जो भी फैसला लिया जाएगा, सभी नेता उसे स्वीकार करेंगे। साथ ही उन्होंने मंत्री पद की दौड़ में शामिल होने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि अभी तक कैबिनेट गठन को लेकर कोई आधिकारिक चर्चा शुरू नहीं हुई है।
सतीश जरकीहोली ने कहा कि 'मैं पहले ही कह चुका हूं कि सिद्धारमैया जी और डी.के. शिवकुमार दिल्ली जा रहे हैं। वे पार्टी के साथ चर्चा करेंगे और वहां जो भी फैसला लिया जाएगा, हम उसे मान लेंगे। मुझे अभी तक पता नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री अब लौट रहे हैं। उनके लौटने के बाद, हम इस बात पर चर्चा करेंगे कि दिल्ली में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ बातचीत के दौरान क्या हुआ, और फिर कोई फैसला लिया जाएगा।'
जब सतीश जरकीहोली से पूछा गया कि क्या वे नई सरकार में मंत्री पद की रेस में शामिल हैं, तो उन्होंने इससे साफ इनकार कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि 'अभी तक कैबिनेट गठन को लेकर कोई आधिकारिक बातचीत शुरू भी नहीं हुई है।' कैबिनेट गठन को लेकर सतीश जरकीहोली ने कहा कि 'मैं खुद कोई दावेदार नहीं हूं। अभी चर्चाएं शुरू नहीं हुई हैं। जब चर्चाएं होंगी, तो हम इस मामले पर अपनी राय साझा करेंगे। अभी, जो भी फैसला होगा, वह इस बात पर आधारित होगा कि सिद्धारमैया और डी.के. शिवकुमार आपस में क्या चर्चा करते हैं और क्या निष्कर्ष लेकर आते हैं।'
अब सबसे बड़ी चर्चा इस बात को लेकर है कि कर्नाटक की नई सरकार का फैसला कैसा होगा। क्या राज्य में एक से ज्यादा डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे? इस सवाल पर जरकीहोली ने कहा कि अभी तक कुछ भी तय नहीं है और तस्वीर साफ होने में थोड़ा वक्त लगेगा। उन्होंने कहा कि 'मुझे कोई अंदाजा नहीं है कि कितने उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए जाएंगे या नहीं। हमें इंतजार करना होगा, कल शाम तक सब कुछ पूरी तरह साफ हो जाएगा। तैयारियां साधारण होंगी, इसमें कुछ भी बहुत बड़ा नहीं है। यह शायद सोमवार तक हो जाएगा।' हमने सुना है कि इसे सोमवार तक, या ज्यादा से ज्यादा मंगलवार तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा।'
इसी बीच, शुक्रवार को ही बेंगलुरु से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल चरम पर पहुंच गई। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। इस बैठक में कर्नाटक सरकार के नए फैसले, आगामी राज्यसभा चुनाव और कैबिनेट मंत्रियों के नामों को लेकर भी चर्चा हुई है।
Updated on:
29 May 2026 03:58 pm
Published on:
29 May 2026 03:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
