
श्रीनंदा (फोटो- आईएएनएस)
कर्नाटक के चिक्कमगलुरु जिले में हाल ही में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां हाल ही में केरल से आई एक नाबालिग लड़की ट्रेकिंग के दौरान अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसके तहत पिछले तीन दिनों से लड़की की तलाशी की जा रही थी, जो कि एक दुखद मोड़ पर खत्म हो गई है। लड़की की तलाश कर रही सर्च टीम को आज उसका शव एक गहरी खाई में मिला, जिससे पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल बन गया।
मृतका लड़की की पहचान 14 वर्षीय श्रीनंदा के रूप में हुई है। श्रीनंदा चिक्कमगलुरु के पहाड़ी क्षेत्र में अपने परिवार के साथ ट्रेकिंग करने गई थी। जानकारी के अनुसार वह 7 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे अचानक लापता हो गई। वह करीब 40 लोगों के समूह का हिस्सा थी और आखिरी बार मणिक्यधारा क्षेत्र में देखी गई थी। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें एंटी नक्सल फोर्स (ANF), स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF), पुलिस और फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की टीमों ने हिस्सा लिया।
खोज अभियान में ड्रोन और थर्मल कैमरा जैसी आधुनिक तकनीकों का भी इस्तेमाल किया गया, क्योंकि इलाका बेहद दुर्गम और खतरनाक ढलानों वाला है। तीन दिनों की लगातार तलाश के बाद लड़की का शव उस स्थान से करीब 2000 फीट नीचे एक खाई में मिला, जहां से वह गायब हुई थी। इस घटना को लेकर पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती बयान में गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा था कि मामले में अलग अलग एंगल सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तर्क यह है कि लड़की का अपहरण हुआ, जबकि दूसरा सुझाव देता है कि वह किसी के साथ चली गई हो। ऐसी राय सामने आ रही हैं, लेकिन सच्चाई तभी सामने आएगी जब पूरी जांच पूरी होगी।
हालांकि शव मिलने के बाद अब यह आशंका जताई जा रही है कि लड़की पहाड़ से फिसलकर नीचे गिर गई होगी। फिर भी पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और सभी संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने परिवार के साथ कर्नाटक घूमने आई थी। उन्होंने पहले हम्पी का दौरा किया और फिर चिक्कमगलुरु पहुंचे। वहां से वे निजी जीप के जरिए दत्तात्रेय बाबाबुदनगिरी और मणिक्यधारा क्षेत्र गए। बताया जा रहा है कि लड़की एक झरने के पास से लापता हुई थी। इस घटना ने ट्रेकिंग स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Published on:
10 Apr 2026 02:36 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
