21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kerala Blast: केरल के त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाके से 12 मजदूरों की मौत और 40 से अधिक घायल

केरल के त्रिशूर के मुंडाथिकोडे में पटाखा निर्माण इकाई में भीषण विस्फोट, 12 मजदूरों की मौत और 40 से अधिक घायल। जानें कैसे हुआ यह हादसा?

2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Apr 21, 2026

Kerala Blast

Kerala Blast (Image: IANS)

Kerala Blast News: केरल के त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोडे इलाके में सोमवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट में अब तक 12 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब प्रसिद्ध त्रिशूर पूरम उत्सव के लिए पटाखों की तैयारी चल रही थी। प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य जारी है।

कैसे हुआ हादसा?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट शाम करीब 4 बजे उस समय हुआ जब यूनिट में पटाखों के सैंपल तैयार किए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि परिसर में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी, जिसमें आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ।

धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के इलाकों में लोगों में दहशत फैल गई और कई लोगों ने इसे पहले भूकंप समझ लिया। विस्फोट के बाद आसमान में घना धुआं छा गया और आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं।

12 मजदूरों की मौत, 40 से अधिक घायल

अधिकारियों ने अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, 40 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। घायलों को त्रिशूर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल समेत आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के समय यूनिट में करीब 70 मजदूर मौजूद थे। ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

बचाव कार्य में आई मुश्किलें

विस्फोट के बाद पुलिस, दमकल और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि, साइट पर मौजूद बिना फटे विस्फोटक (अनएक्सप्लोडेड मटेरियल) के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

पूरा इलाका घेर लिया गया है और आम लोगों को वहां जाने से रोक दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र से दूर रहें।

पूरम उत्सव की तैयारियों के बीच हादसा

यह हादसा त्रिशूर पूरम उत्सव की तैयारियों के बीच हुआ है, जो केरल के सबसे बड़े और प्रसिद्ध मंदिर उत्सवों में से एक है। विस्फोट उस यूनिट में हुआ जहां थिरुवंबाडी पक्ष के लिए पटाखों की तैयारी की जा रही थी।

सीएम पिनराई विजयन का बयान

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “घायलों को हर संभव इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर बाहर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद भी ली जाएगी।” उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के भी निर्देश दिए हैं।

जांच जारी, कारण अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल विस्फोट के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और यह देखा जा रहा है कि कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो नहीं हुई।