
केतन अग्रवाल मर्डर केस में नया मोड़ (इमेज सोर्स: आईएएनएस)
Ketan Agarwal Murder Case: केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी चेतन की ओर से उसके वकील राधीकेश उत्तरवार ने अदालत में दावा किया कि चेतन की गिरफ्तारी अवैध थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज समय से करीब 12 घंटे पहले ही चेतन को उसके घर से उठा लिया गया था। बचाव पक्ष ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की CCTV फुटेज सुरक्षित रखने और पेश करने की भी मांग की है। अदालत ने मामले की सुनवाई बुधवार के लिए तय की है।
इस बीच केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के दौरान एक और नया खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सिया गोयल की अपनी सहेली के साथ हुई एक चैट सामने आई है। इस चैट में सिया ने कथित तौर पर लिखा था, "यह शादी कभी नहीं होने वाली है।" बताया जा रहा है कि यह बातचीत स्नैपचैट पर हुई थी। जांच एजेंसियां अब इस चैट की सच्चाई और उसके कानूनी महत्व की जांच कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सिया ने अपनी सहेली से आधार कार्ड की कॉपी भी मांगी थी। उसने कहा था कि टिकट बुक करनी है। लेकिन जिस शादी के लिए टिकट बुक जा रही है, वह कभी नहीं होगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या यह फ्लाइट बुकिंग किसी बड़ी साजिश का हिस्सा थी। जांचकर्ताओं का मानना है कि इससे यह दिखाने की कोशिश की गई होगी कि शादी की तैयारियां सामान्य तरीके से चल रही थीं, ताकि किसी को शक न हो।
यही नहीं पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने एक-दूसरे से कोड वर्ड और निकनेम का इस्तेमाल करके बातचीत की। फोरेंसिक जांच में मोबाइल फोन से डिलीट किया गया डेटा भी बरामद किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इन संदेशों का मकसद कथित साजिश को छिपाना और जांच को गुमराह करना हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और बाद में सबूत मिटाने की कोशिश की। हालांकि, इन सभी दावों की पुष्टि अदालत में पेश होने वाले सबूतों के आधार पर होगी। फिलहाल अदालत ने सिया और चेतन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, पुलिस की हिरासत बढ़ाने की मांग अदालत ने खारिज कर दी। पुलिस का कहना था कि दोनों से आमने-सामने पूछताछ कर साजिश और मकसद को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है।
Updated on:
04 Jul 2026 05:42 pm
Published on:
04 Jul 2026 05:09 pm
