
केतन अग्रवाल हत्याकांड
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल हत्याकांड में रोजाना नए अपडेट और बयान सामने आ रहे हैं। इस मामले में अब मुख्य आरोपी चेतन चौधरी के चाचा ने अपने भतीजे का बचाव करते हुए उसे ईमानदार और अच्छे व्यवहार वाला युवक बताया है। मुख्य आरोपी चेतन चौधरी के चाचा उदाराम चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मीडिया में कई तरह की बातें सामने आ रही हैं, लेकिन उनका परिवार चेतन को अच्छी तरह जानता है। उन्होंने कहा कि चेतन उनके पड़ोस में रहता था और उन्होंने उसे कभी किसी लड़की के साथ कार में बैठे या किसी लड़की से बातचीत करते नहीं देखा।
उदाराम ने कहा कि चेतन बेहद ईमानदार, सरल स्वभाव का और हमेशा मुस्कुराने वाला लड़का था। उनके मुताबिक, वह सभी के साथ अच्छा व्यवहार करता था और एक बेहतरीन क्रिकेटर भी था। उन्होंने बताया कि उसकी बल्लेबाजी देखने के लिए लोग खास तौर पर मैदान में पहुंचते थे। उन्होंने यह भी बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से पुणे में रह रहे हैं, जबकि चेतन के पिता 35 वर्षों से अधिक समय से शहर में ड्राई फ्रूट्स का कारोबार कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर वह भी इस कारोबार में उनकी मदद करते रहे हैं।
पुलिस जांच के अनुसार, केतन अग्रवाल की हत्या उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर पुणे के लोहागढ़ किले में की। आरोप है कि दोनों ने केतन को चट्टान से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। जांच में पुलिस ने दावा किया है कि वारदात से पहले दोनों आरोपियों ने हत्या करने के तरीकों के बारे में इंटरनेट पर सर्च किया था। इतना ही नहीं, दोनों घटना से पहले लोहागढ़ किले भी गए थे ताकि कथित तौर पर पूरी योजना की रेकी और रिहर्सल कर सकें। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपियों ने घटना के बाद पूछताछ की स्थिति में क्या जवाब देना है, इसकी भी पहले से तैयारी और अभ्यास किया था।
इस बीच, मुख्य आरोपी सिया गोयल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। एक वीडियो में गुरुवार को पुलिस सिया को पुणे के मार्केट यार्ड इलाके स्थित उसके घर से हिरासत में बाहर लेकर आती दिखाई देती है। वीडियो में काले रंग की टी-शर्ट पहने और चेहरे को प्रिंटेड स्कार्फ से ढके सिया कुछ पल के लिए वहां मौजूद मीडियाकर्मियों की ओर देखती है और फिर कैमरों की तरफ कथित तौर पर बीच वाली उंगली (मिडिल फिंगर) दिखाती नजर आती है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उसके इस व्यवहार की आलोचना की और इसे गंभीर आरोपों के बीच असंवेदनशील तथा अनुचित बताया।
Published on:
03 Jul 2026 08:38 pm
