
भाजपा ने कई दिनों के मैराथन मंथन के बाद नामांकन से एक दिन पूर्व बुधवार की देर शाम 90 में से 67 सीटों के उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित कर दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा सीट से चुनाव लड़ेंगे। राज्यसभा सदस्य कृष्णलाल पंवार सहित 12 दलित प्रत्याशी भी पार्टी ने घोषित किए हैं। जेल अधीक्षक की नौकरी छोड़कर राजनीति में आए सुनील सांगवान पर भाजपा ने दादरी से भरोसा जताया है। सुनील सांगवान के दादरी से चुनाव मैदान में उतरने से बबीता फौगाट को झटका मिला है।
कांग्रेस छोड़ भाजपा से राज्यसभा सदस्य बनीं किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी सहित आठ महिला उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती को अटेली सीट से तो नाराज चल रहे कुलदीप विश्नोई के बेटे भव्य विश्नोई को पार्टी ने आदमपुर विधानसभा सीट से मौका दिया है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की 29 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में करीब 70 सीटों के प्रत्याशियों को हरी झंडी दी गई थी। इसके बाद में रैली व कुछ सीटों पर पेंच फंस जाने के कारण पार्टी ने सूची रोक रखी थी। बुधवार की सायं पार्टी मुख्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में एक बार फिर कोर कमेटी की हुई बैठक के बाद पहली सूची जारी की गई।
सूची के मुताबिक, राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल विज अंबाला कैंट, पूर्व लोकसभा सांसद सुनीता दुग्गल रतिया सीट से, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद और कुलदीप विश्नोई के बेटे भव्य विश्नोई आदमपुर सीट से लड़ेंगे। राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी तोशाम से जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ को बादली सीट से पार्टी ने टिकट दिया है।
वर्ष 2014 से लेकर 2024 तक करनाल की पहचान मुख्यमंत्री के शहर के रूप में रही है। भाजपा ने इस बार मुख्यमंत्री का ही टिकट बदल दिया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी को करनाल के बजाय लाडवा से चुनावी रण में उतारा है। इसके साथ कोसली से विधायक लक्ष्मण यादव की सीट में बदलाव किया गया है, वे अब रेवाड़ी से चुनाव मैदान में होंगे। नलवा विधायक और डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा भी बरवाला से चुनावी ताल ठोकेंगे।
भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए जारी की गई 67 उम्मीदवारों की सूची में सीएम नायब सैनी समेत 8 मंत्रियों को टिकट दिया लेकिन तीन मंत्रियों व 9 विधायकों के टिकट कट लिया। इसमें बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला, खेल राज्यमंत्री संजय सिंह और सामाजिक एवं न्याय अधिकारिता राज्यमंत्री बिशंभर वाल्मीकि का टिकट काट दिया गया है। यौन उत्पीड़न के आरोपी संदीप सिंह से भी पार्टी ने मुंह मोड़ लिया है। पूर्व सीएम मनोहर लाल भले ही उन्हें बचाते रहे हों लेकिन भाजपा ने टिकट काट दिया है।
भाजपा ने पहली सूची में एक राज्यसभा सांसद सहित दो पूर्व सांसदों को चुनाव मैदान में उतारा है। इनमें राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार को इसराना से तो सिरसा से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को रतिया और रोहतक से पूर्व सांसद अरविंद शर्मा को गोहाना से प्रत्याशी घोषित किया गया है।
भाजपा ने उम्मीदवारों के चयन में बाहरियों पर भी भरोसा जताया है। जजपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए तीन पूर्व विधायकों को टिकट दिया गया है। भाजपा ने कांग्रेस से भाजपा में आने वाले विधायक देवेंद्र बबली को टोहाना से उतारा है। वहीं जेजेपी के पूर्व विधायक रामकुमार गौतम को सफीदों और वर्तमान विधायक अनूप धानक को उकलाना से पार्टी ने उतारा है।
Published on:
05 Sept 2024 03:45 pm
