5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Lok Sabha Elections 2024 : बीजेपी की सूची में कंगना, गोविल का नाम; राहुल के सामने सुधाकरन, वरुण का टिकट कटा

Lok Sabha Elections 2024 : 17 राज्यों के 111 उम्मीदवारों की सूची में 20 महिलाओं को मौका दिया गया है। इस लिस्ट में वीके सिंह, अश्विनी चौबे सहित एक तिहाई सांसदों का टिकट कटा।

2 min read
Google source verification
bjp_list9.jpg

Lok Sabha Elections 2024 : भारतीय जनता पार्टी ने रविवार रात लोकसभा उम्मीदवारों की पांचवी सूची जारी कर दी। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, बंगाल सहित 17 राज्यों की 111 लोकसभा सीटों की इस सूची में सितारों, दिग्गज नेताओं से लेकर दलबदलुओं तक के नाम शामिल हैं। एक तिहाई टिकट बदले गए हैं। वरुण गांधी का उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से टिकट कट गया तो उनकी मां मेनका गांधी पर पार्टी ने भरोसा बरकरार रखा है। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह का गाजियाबाद से टिकट काट कर स्थानीय विधायक अतुल गर्ग को मौका दिया गया है। अभिनेत्री कंगना को हिमाचल की मंडी से तो रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल को पार्टी ने मेरठ से टिकट दिया है। खास बात है कि कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने के आधे घंटे के अंदर ही उद्योगपति नवीन जिंदल को पार्टी ने हरियाणा की कुरुक्षेत्र से उम्मीदवार बना दिया। केरल की वायनाड सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सामने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष के.सुधाकरन को उतारा गया है।

पूर्व जस्टिस, प्रधान और जितिन प्रसाद मैदान में

भाजपा की पांचवी सूची में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को ओडिशा की संबलपुर से और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को पुरी सीट से मैदान में उतारा गया है। कोलकाता हाईकोर्ट के जस्टिस रहे अभिजीत गांगुली को बंगाल की तामलुक सीट से पार्टी ने टिकट दिया है। वरुण गांधी की जगह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से पार्टी ने योगी सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को लड़ाया है। खास बात है कि मेनका गांधी को सुल्तानपुर से फिर से मौका दिया गया है। माना जा रहा है कि लंबे समय तक पार्टी की नीतियों की आलोचना के कारण वरुण गांधी को पार्टी ने माफ नहीं किया। बक्सर से केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का टिकट काटकर मिथिलेश तिवारी को टिकट दिया गया है।

संदेश खाली पीड़िता को भी टिकट

भाजपा ने पश्चिम बंगाल में संदेश खाली घटना की पीड़िता रेखा पात्रा को बशीरहाट सीट से चुनाव मैदान में उतारकर चौंका दिया है। पार्टी ने इस टिकट के जरिए राज्य की महिलाओं को बड़ा संदेश देने की कोशिश की है। दार्जिलिंग से युवा चेहरे राजू बिष्ट पर पार्टी ने दोबारा भरोसा जताया है।

राजस्थान में महिलाओं को वरीयता

भाजपा ने राजस्थान के शेष 10 में से 7 टिकट भी जारी किए हैं, इसमें 3 महिलाओं को मौका मिला है। राजसमंद से राजघराने की महिमा विश्वेश्वर सिंह को पार्टी ने उतारा है तो गंगानगर से प्रियंका बालन, झुंझुनू से शुभकरण चौधरी, जयपुर ग्रामीण से राव राजेंद्र सिंह, जयपुर से मंजू शर्मा, टोंक सवाई माधोपुर से सुखबीर सिंह जौनपुरिया, अजमेर से भागीरथ चौधरी को मौका मिला है।

दलबदलुओं को आते ही मिला टिकट

भाजपा ने दलबदलुओं को भी टिकट देने से परहेज नहीं किया है। पार्टी बदल कर आने वाले दो नेताओं को उसी दिन टिकट दे दिया। घोटाले में फंसे कांग्रेस के पूर्व सांसद नवीन जिंदल रविवार शाम ही भाजपा में शामिल हुए और उन्हें कुरुक्षेत्र से उम्मीदवार बना दिया गया। दोपहर में वायएसआर कांग्रेस छोड़कर पार्टी में आंध्र प्रदेश के विधायक वरप्रसाद राव को तिरुपति से और पिछले दिनों झामुमो छोड़कर आई सीता सोरेन को दुमका से चुनाव मैदान में उतारा गया है।

पूर्व वायु सेना चीफ भाजपा में शामिल

पूर्व वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया रविवार को भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।


यह भी पढ़ें- Electoral Bond चुनावी हैसियत के आधार पर ही मिला भाजपा-कांग्रेस का बॉन्ड से चंदा, इन दलों को मिला ज्यादा फायदा

यह भी पढ़ें- ED की कस्टडी से CM केजरीवाल का पहला आदेश, दिल्ली में अब 'जेल से चली सरकार'