6 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महाराष्ट्र में बारिश का कहर: मुंबई-पुणे में कई लोगों की मौत, भूस्खलन और दीवार गिरने से हादसे, राज्य में 13 लोगों ने गंवाई जान

Maharashtra Weather: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पुणे जिले में भूस्खलन, दीवार गिरने और तेज पानी के बहाव से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई। राज्य में पिछले 3-4 दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में 13 लोगों की जान जा चुकी है। आईएमडी ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Google source verification
Maharashtra rain news

महाराष्ट्र में बारिश का कहर(फोटो-ANI)

Maharashtra Rain News: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश जानलेवा साबित हो रही है। पुणे जिले में पिछले दो दिनों के दौरान बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं, राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि पिछले तीन से चार दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में पूरे महाराष्ट्र में 13 लोगों की जान जा चुकी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पुणे में भूस्खलन, दीवार गिरने और तेज बहाव से गई जान

पुणे के जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी के अनुसार, जिले में सबसे बड़ा हादसा पाटन क्षेत्र में हुए भूस्खलन में हुआ, जहां तीन लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा, पिंपरी-चिंचवड़ के निगड़ी इलाके में रविवार को एक दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, खेड़ तहसील में तेज पानी के बहाव में एक मोटरसाइकिल सवार बह गया। बाद में उसका शव बरामद किया गया।

मावल तहसील के पाटल गांव में भूस्खलन

सोमवार तड़के पुणे जिले की मावल तहसील के पाटल गांव में भी भूस्खलन की घटना हुई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की पांचवीं बटालियन की 30 सदस्यीय टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया, जिसने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया।

महाराष्ट्र में 13 लोगों की मौत, विधान परिषद की कार्यवाही भी प्रभावित

महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने सोमवार को बताया कि मुंबई और उससे सटे जिलों में रिकॉर्ड बारिश के कारण पिछले तीन से चार दिनों में बारिश से जुड़े विभिन्न हादसों में 13 लोगों की मौत हो चुकी है। भारी बारिश का असर जनजीवन पर भी पड़ा है। बारिश के कारण महाराष्ट्र विधान परिषद की कार्यवाही भी प्रभावित हुई और सदन की बैठक दिनभर के लिए स्थगित करनी पड़ी।

आईएमडी ने राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और अगले कुछ समय तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। राज्य कई हिस्सों में लगातार बारिश जारी है। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संवेदनशील इलाकों में राहत एवं बचाव दल तैनात हैं।