
Sanjay Raut
मुंबई: महाराष्ट्र राज्यसभा चुनाव की छह सीटों के बाद से ही सियासी बयानबाजी जारी है। खासकर बीजेपी और शिवसेना के नेता एक दूसरे पर हमलावर हैं। राज्यसभा चुनाव नतीजों के बाद संजय राउत ने कई विधायकों के नाम लेकर धोखा देने का आरोप लगाया। जिसके चलते निर्दलीय और छोटे दलों के विधायक नाराज हैं। इसी बीच बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने संजय राउत के खिलाफ चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई है। सोमैया ने राउत के खिलाफ विधायकों को धमकाने सहित कई चीजों का आरोप लगाते हुए एक्शन लेने की मांग की है।
बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने चुनाव आयोग को लिखे पत्र में संजय राउत के खिलाफ विस्तार से सारी बातें लिखी हैं। जिसमें उन्होंने कहा कि संजय राउत ने आधा दर्जन विधायकों के नाम का खुलासा करते हुए कहा कि इन लोगों ने धोखा दिया और वादे के बावजूद शिवसेना को वोट नहीं किया। बीजेपी नेता ने संजय राउत के खिलाफ धमकाने सहित भ्रष्ट आचरण का आरोप भी लगाया है। उन्होंने सदस्यता को लेकर भी चुनाव आयोग से जांच कर एक्शन लेने की बात कही है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव में संख्याबल के आधार पर बीजेपी कोटे से सिर्फ दो उम्मीदवारों की जीत पक्की थी लेकिन पूर्व सीएम और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने कोल्हापुर के धनंजय महाडिक को पार्टी के तीसरे प्रत्याशी के रूप में चुनाव में उतारा और उन्हें भी जीत दिलाने में सफल रहे। भाजपा उम्मीदवार धनंजय महाडिक ने शिवसेना के संजय पवार को शिकस्त दी। राज्यसभा के चुनाव ने बीजेपी ने तीन सीटें जीती और तीन पर एमवीए उम्मीदवार जीते हैं।
Published on:
13 Jun 2022 03:09 pm
