
Manoj Tiwari (Photo-INAS)
Mallikarjun kharge controversy : नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कड़ा एतराज जताया है। पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि बिहार की जनता अपनी संस्कृति, परंपरा और समृद्ध मूल्यों पर गर्व करती है। लेकिन इस पवित्र धरती पर आकर देश के प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिता के खिलाफ जिस तरह की अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
मनोज तिवारी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं और अब उनका एजेंडा खुलकर सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष का एकमात्र मकसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पद से हटाना था, लेकिन अब वे सनातन परंपरा और हिंदुत्व को समाप्त करने पर आमादा हैं।
दिल्ली का हवाला देते हुए तिवारी ने कहा कि दिल्ली के सांसद के रूप में मैं देख रहा हूं कि वहां के व्यापारियों और आम नागरिकों का जीना दूभर हो गया है। विपक्ष का असली एजेंडा अब जनता के सामने आ चुका है। तिवारी ने आगे कहा कि देश में सड़कों पर अराजकता, दंगे और टकराव की स्थिति पैदा करके सरकार गिराने की खुली घोषणा की जा रही है, जिसे देश कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि सरकार वोटों से बनती है, उन्हें गंदी राजनीति करने के बजाय देश की जनता का दिल जीतने का प्रयास करना चाहिए।
उधर, नागपुर में केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के प्रमुख रामदास अठावले ने भी खड़गे के बयानों की कड़े शब्दों में निंदा की। अठावले ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे देश की एक प्रमुख और 60 वर्षों तक सत्ता में रही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। ऐसे शीर्ष पद पर बैठे व्यक्ति को देश के प्रधानमंत्री का अपमान करना शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि खड़गे की इस तरह की टिप्पणी करने की आदत बन चुकी है, जो कि बिल्कुल गलत है। प्रधानमंत्री का इस तरह से अपमान करना पूरी तरह अनुचित और गंभीर है।
Updated on:
26 Oct 2026, 10:36 AM IST
Published on:
26 Oct 2026, 10:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.