
मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल फोटो - एएनआई)
Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चंदे व संपत्ति के सवालों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। खरगे ने तीन मांगें रखी हैं। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय गृह मंत्री संसद में आकर दिल्ली में छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर जवाब दें। साथ ही, राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चंदे और संपत्ति को लेकर उठ रहे सवालों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाब दें। खरगे की तीसरी मांग है कि प्रधानमंत्री मोदी देश की जनता से माफी मांगें।
खरगे के मुताबिक, विपक्ष की पहली मांग दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर है। उनका कहना है कि केंद्रीय गृह मंत्री को संसद में आकर बताना चाहिए कि प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई क्यों की गई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों के खिलाफ पैलेट गन, आंसू गैस, वाटर कैनन और इलेक्ट्रॉनिक लाठियों का इस्तेमाल किया गया। सवाल उठाते हुए कहा कि देश के भविष्य के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया।
खरगे ने कहा कि विपक्ष पिछले 14-15 दिनों से इस मुद्दे पर चर्चा और गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहा है लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। उनके मुताबिक, देश के युवा जवाब चाहते हैं और सरकार को संसद और देश के सामने जवाब देना होगा।
खरगे की दूसरी मांग राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चंदे और संपत्ति को लेकर है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ट्रस्ट का गठन केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने किया था और ट्रस्टियों का चयन भी किया गया था। अब ट्रस्ट को मिले चंदे, सोने-चांदी, धन और दूसरी कीमती संपत्तियों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। खरगे ने सवाल किया कि जब ऐसे आरोप और सवाल सामने आए हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं।
खरगे ने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर देश के लोगों ने पूरी आस्था के साथ चंदा दिया था। ऐसे में उस चंदे की एक-एक पाई का हिसाब जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही कहा कि जांच के बाद सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। अगर किसी ने लोगों की आस्था के साथ विश्वासघात किया है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपनी तीसरी मांग के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की है। खरगे ने कहा कि करोड़ों देशवासियों की भगवान श्रीराम और अयोध्या से गहरी आस्था जुड़ी है। ऐसे में इतनी पवित्र आस्था से जुड़े मामले में गंभीर आरोप सामने आने के बावजूद पिछले 15 दिनों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
खरगे ने कहा कि देश जवाब मांग रहा है, लेकिन सरकार मौन है। उन्होंने प्रधानमंत्री से सामने आकर पूरे मामले पर देश को सच बताने और जनता की आस्था को पहुंची ठेस के लिए माफी मांगने की मांग की है।
Updated on:
10 Aug 2026 08:05 pm
Published on:
10 Aug 2026 07:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
