
15 अगस्त पर लाल किले से पहली बार गूंजेगा 'वंदे मातरम' (फोटो - चैटजीपीटी)
Independence Day 2026 and Vande Mataram 150 Years: नई दिल्ली में 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार लाल किले पर होने वाला समारोह कई मायनों में खास होगा। वंदे मातरम के 150वें वर्षगांठ के मौके पर इसे समारोह की मुख्य थीम बनाया गया है। पहली बार लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम’ के सभी छह छंद सुनाए जाएंगे।
देश इस साल वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस मौके को खास तरीके से शामिल किया गया है। लाल किले की प्राचीर से पहली बार ‘वंदे मातरम’ के सभी छह छंद सुनाए जाने की तैयारी है। हाल ही में संसद के मौजूदा सत्र में भी वंदे मातरम को लेकर चर्चा हुई थी। समारोह में राष्ट्रगान से पहले राष्ट्रगीत बजाए जाने की बात भी सामने आई थी।
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में भारतीय वायुसेना की भी खास भूमिका होगी। जानकारी के मुताबिक, वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर विशेष ध्वज लेकर उड़ान भरेगा। यह ध्वज वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने को दर्शाएगा। इस आयोजन के जरिए वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ को स्वतंत्रता दिवस समारोह से जोड़ा जाएगा।
इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की युवा शक्ति को भी सम्मानित करेंगे। 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में योगदान देने वाले युवाओं को समारोह के दौरान सम्मान दिए जाने की तैयारी है।
15 अगस्त को होने वाले समारोह को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। समारोह के दौरान 20 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जा रही है।
सुरक्षा के लिए 1,000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के साथ फेस रिकग्निशन और ड्रोन डिटेक्शन सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। पुलिसकर्मियों को बाजारों, मेट्रो स्टेशनों और बस अड्डों समेत प्रमुख स्थानों पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए दिल्ली पुलिस एक विशेष ऐप का भी इस्तेमाल करेगी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में भी तैनात किया जा रहा है।
Updated on:
10 Aug 2026 06:34 pm
Published on:
10 Aug 2026 06:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
