8 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शुभेंदु सरकार पर बरसीं ममता बनर्जी, बोलीं- मेरे घर से बालीगंज तक कानून व्यवस्था ध्वस्त, हालात यूपी से भी बदतर

Mamata Banerjee kolkata Rally: पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में रैली के दौरान पुलिस प्रशासन और BJP पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है तथा हाईकोर्ट की अनुमति के बावजूद रैली में व्यवधान डाला गया।
2 min read
Google source verification
West Bengal Politics

ममता बनर्जी(फोटो-IANS)

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए बलात्कार और हत्या के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी सरकार और सुवेंदु अधिकारी पर हमला बोला है। कोलकाता में एक रैली के दौरान ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और यहां के हालात उत्तर प्रदेश से भी खराब हो गए हैं।

ममता बनर्जी ने कहा- हम सभी अच्छी तरह जानते हैं कि आप (बीजेपी) यहां किस तरह हेर-फेर करके सत्ता में आई है। विपक्ष पर नजर रखने के लिए पुलिस की पूरी ताकत लगा दी जाती है, लेकिन जहां मासूम बेटियों पर अत्याचार हो रहे हैं, वहां पुलिस कहीं नजर नहीं आती। आज मेरे घर से लेकर बालीगंज तक पूरे इलाके में तबाही और अफरातफरी का माहौल बना दिया गया है। मैं बंगाल की जनता से पूछना चाहती हूं कि क्या आपने इसी परिवर्तन के लिए भाजपा को चुना था? आज विपक्ष को शांतिपूर्ण रैलियां करने के लिए भी अदालतों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

राज्य की कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

बारुईपुर की घटना को लेकर पूरे राज्य में आक्रोश है। विपक्षी पार्टियां लगातार सरकार पर हमलावर हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि पहले बंगाल को शांति का प्रतीक माना जाता था, लेकिन अब हालात बदतर हो गए हैं।

उन्होंने शुभेंदु अधिकारी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद उन्होंने कानून-व्यवस्था सुधारने के बजाय दूसरी दिशा में काम किया। ममता ने साफ कहा कि पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। जहां अपराध होते हैं, वहां पुलिस नदारद रहती है।

कोर्ट की मंजूरी के बाद रैली की, फिर भी हमले हुए

ममता बनर्जी ने आगे कहा- हमें रैलियों के लिए कोर्ट से इजाजत लेनी पड़ती है। हमने कोर्ट की मंजूरी के बाद रैली की, फिर भी आपने देखा कि लोगों पर कैसे हमले हुए। जो लोग राम के नाम पर पैसे लूटते हैं, उन्हें शर्म आनी चाहिए, राम का नाम बदनाम न करें।

उन्होंने कहा- हाई कोर्ट ने हमें इजाज़त दी थी; मैं इसके लिए पुलिस और प्रशासन को जिम्मेदार मानती हूं, बीजेपी को नहीं। अगर आप चाहते तो रैली शांति से हो सकती थी, लेकिन आपने बीजेपी कार्यकर्ताओं को गुंडागर्दी करने दी।

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता

इस घटना ने महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर नए सिरे से बहस छेड़ दी है। ममता बनर्जी ने रैली में युवा पीढ़ी और माताओं से अपील की कि वे इस मुद्दे को उठाएं।

उन्होंने कहा कि बंगाल की बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। मता बनर्जी की इस रैली को उनके समर्थकों ने अच्छा रिस्पॉन्स दिया। उन्होंने नारेबाजी भी की और सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।