27 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मणिपुर फिर लहूलुहान! बम धमाके में 2 मासूम बच्चों की मौत; 5 जिलों में इंटरनेट बंद, मची चीख-पुकार

Manipur Violence Update: मणिपुर में एक बार फिर ताजा हिंसा भड़क उठी है, जब कुकी-ज़ो गुटों के प्रभुत्व वाले पहाड़ी इलाकों के संदिग्ध आतंकवादियों ने बिष्णुपुर जिले के मोइरांग ट्रोंगलाओबी गांव में एक नागरिक के घर पर बम से हमला किया। इस हमले में दो बच्चों की मौत हो गई।
2 min read
Google source verification
Manipur Violence Update

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फोटो- ANI)

Manipur Bomb Blast: मणिपुर में एक बार फिर हिंसा की आग भड़क उठी है। मंगलवार तड़के बिष्णुपुर जिले के मोइरांग ट्रोंगलाओबी इलाके में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने एक घर पर बम (रॉकेट या मोर्टार) से हमला कर दिया। इस हमले में 5 वर्षीय एक मासूम लड़के और उसकी मात्र 5-6 महीने की छोटी बहन की मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चों की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। धमाका इतना भीषण था कि पूरा कमरा तबाह हो गया, जहां परिवार सो रहा था।

बम धमाके में 2 मासूम बच्चों की मौत

घटना सोमवार रात करीब 1 बजे हुई। हमलावरों ने पहाड़ी इलाके से रॉकेट या मोर्टार दागा, जो सीधे घर में गिरा। मां और दोनों बच्चे बेडरूम में सो रहे थे। धमाके के बाद बच्चे घटनास्थल पर ही नहीं, बल्कि इम्फाल के राज मेडिसिटी अस्पताल ले जाते समय या वहां पहुंचने पर मारे गए। घायल महिला को इम्फाल के राज पॉलीक्लिनिक में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि पीड़ित परिवार बीएसएफ जवान से जुड़ा हो सकता है।

भीड़ पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

इस जघन्य हमले की खबर फैलते ही इलाके में गुस्सा भड़क उठा। स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए, सड़कें जाम कर दीं और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी बेकाबू होते गए। उन्होंने पुलिस पिकेट पर हमला किया, मोइरांग पुलिस थाने के बाहर टायरों में आग लगा दी और पेट्रोल पंप के पास दो तेल टैंकर व एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया। पुलिस की अस्थायी चौकी में भी तोड़फोड़ की गई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को लाठीचार्ज और फायरिंग तक करनी पड़ी, जिसमें कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए।

पांच जिलों में इंटरनेट बंद

प्रशासन ने तुरंत कदम उठाते हुए बिष्णुपुर, इम्फाल पश्चिम, इम्फाल पूर्व, थौबल और काकचिंग—इन पांच जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दीं। अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और इलाका हाई अलर्ट पर है। मोइरांग ट्रोंगलाओबी चुराचंदपुर जिले की पहाड़ियों के निकट स्थित निचला इलाका है, जहां 2023 से चली आ रही जातीय हिंसा के दौरान पहले भी गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं।

सीएम खेमचंद ने हमले की निंदा की

मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे बर्बर कृत्य और मानवता पर सीधा हमला करार देते हुए कहा, 'यह मणिपुर में लंबे समय से कायम शांति को भंग करने का प्रत्यक्ष प्रयास है। जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी। ऐसे आतंकी कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।' मुख्यमंत्री ने घायल महिला की स्थिति का जायजा लेने के लिए अस्पताल पहुंचकर उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया।