
भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में कोकीन जब्त की गई। (Photo- IANS)
Indian Coast Guard: गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और भारतीय तटरक्षक (कोस्ट गार्ड) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्छ के मुंद्रा तट के पास एक कार्गो जहाज से करीब 119 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 1000 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। इस मामले में तंजानिया के नागरिक जुमा नासिर ओमर को गिरफ्तार किया गया जबकि दूसरा आरोपी नगिनगिटे नासोरो जुमान्ने समुद्र में कूदकर फरार हो गया। उधर दिल्ली से दो विदेशी नागरिकों को भी हिरासत में लिया गया।
गुजरात एटीएस के अनुसार पुलिस इंस्पेक्टर जे एम पटेल को गुप्त सूचना मिली थी कि यूरोप नामक कार्गो जहाज के क्रू मेंबर जुमान्ने और ओमर ब्राजील से करीब 150 किलो कोकीन छह बैग में छिपाकर लाए। इस खेप को 26 मई की तड़के मुंद्रा के बाहरी समुद्री क्षेत्र में एक फिशिंग बोट के जरिए उतारने की योजना थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक यह कोकीन दिल्ली में रहने वाले दो विदेशी-केल्विन चुकवुमा और ब्यारूहंगा जेम्स को पहुंचाई जानी थी। सूचना मिलने के बाद एटीएस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक के सिद्धार्थ के नेतृत्व में विशेष टीम मुंद्रा भेजी, जबकि दूसरी टीम अहमदाबाद स्थित मुख्यालय से तकनीकी निगरानी में जुटी रही।
एटीएस ने कोस्ट गार्ड के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाया। बाहरी समुद्री क्षेत्र में निगरानी के दौरान यूरोप जहाज की पहचान की गई। इसी दौरान जहाज के डेक पर मौजूद दो संदिग्धों की गतिविधियां नजर आईं। कोस्ट गार्ड की टीम को आते देख आरोपियों ने कई भारी बैग समुद्र में फेंक दिए।
संयुक्त टीम ने समुद्र से पांच बैग बरामद किए। इनमें मिले दो पैकेटों की जांच ड्रग डिटेक्शन किट से की गई, जिसमें कोकीन होने की पुष्टि हुई। पांचों बैग से कुल 115 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 118.977 किलोग्राम निकला। बैगों से चार एप्पल एयरटैग भी मिले हैं।
नशीले पदार्थ की पुष्टि होने के बाद एटीएस और कोस्ट गार्ड की टीम ने जहाज पर चढ़कर कप्तान की मौजूदगी में सभी क्रू मेंबर्स से पूछताछ और तलाशी ली। पूछताछ में ओमर की पहचान हुई, जिसे हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
एटीएस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि वह नवंबर 2025 में ब्राजील से यह खेप लाया था और जहाज के मोटर रूम में अन्य कर्मचारियों की जानकारी के बिना छिपाकर रखी थी। उसने बताया कि हैंडलर के निर्देश पर उसे समुद्र में तय स्थान पर यह खेप पहुंचानी थी।
तलाशी अभियान के दौरान दूसरा आरोपी जुमान्ने समुद्र में कूदकर फरार हो गया जिसकी तलाश जारी है। जहाज के स्टीयरिंग गियर रूम से गारमीन जीपीएसएमएपी 67आइ जीपीएस और सैटेलाइट कम्युनिकेटर उपकरण भी बरामद किए गए।
गुजरात एटीएस ने दिल्ली पुलिस की मदद से द्वारका इलाके से चुकवुमा और जेम्स को भी हिरासत में लिया है। एजेंसियां उन्हें गुजरात लाकर आगे पूछताछ करेगी। एटीएस के मुताबिक जहाज पर मौजूद दोनों आरोपी तंजानिया के नागरिक हैं, जबकि दिल्ली से पकड़े गए आरोपियों में एक नाइजीरिया और दूसरा युगांडा का निवासी है।
पूरे ऑपरेशन में मुंद्रा पोर्ट अथॉरिटी, कोस्टल-मरीन पुलिस और कच्छ के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की भी अहम भूमिका रही। गुजरात एटीएस ने इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल के खिलाफ बड़ी सफलता और विभिन्न एजेंसियों के बेहतरीन समन्वय का उदाहरण बताया है।
गुजरात के उपमुख्यमंत्री ने कहा, 1000 करोड़ का बड़ा भंडाफोड़ कर गुजरात एटीएस , भारतीय कोस्ट गार्ड और कच्छ एसओजी ने एकजुट होकर करारा प्रहार किया है। गुजरात को ड्रग्स का गेटवे नहीं बनने देंगे। इस ऑपरेशन में शामिल हर अधिकारी को बधाई।
Updated on:
28 May 2026 01:56 pm
Published on:
28 May 2026 01:53 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
