
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी को बताया झूठा (Photo-IANS)
भारतीय सेना पर टिप्पणी करने को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई है। अब कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार पर 2020 के गलवान झड़प के बाद से चीन के साथ भारत के संबंधों पर सच्चाई छिपाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि 15 जून 2020 को गलवान में हमारे 20 सैनिक शहीद हुए, तभी से हर भारतीय के मन में कुछ जरूरी सवाल उठ रहे हैं।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मोदी सरकार पर डीडीएलजे नीति अपनाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार डिनाइ, डिस्ट्रैक्ट लाई एंड जस्टिफाई की नीति अपना रही है।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- 19 जून 2020 को यानी गलवान में हमारे सैनिकों की शहादत के महज चार दिन बाद प्रधानमंत्री ने यह क्यों कहा कि "ना कोई हमारी सीमा में घुस आया है, ना ही कोई घुसा हुआ है"? क्या यह चीन को दी गई क्लीन चिट नहीं थी?
कांग्रेस नेता ने एक्स पर आगे लिखा कि- सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि "हम अप्रैल 2020 की यथास्थिति पर लौटना चाहते हैं।" क्या 21 अक्टूबर 2024 को हुआ वापसी समझौता हमें वास्तव में उसी यथास्थिति पर ले जाता है?
बता दें कि एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार से 8 सवाल पूछे है। उन्होंने लिखा कि मोदी सरकार 1962 के बाद भारत को हुआ अब तक का सबसे बड़ा भूभाग के नुकसान के लिए ज़िम्मेदार है और अपनी कायरता और गलत आर्थिक प्राथमिकताओं के चलते वह अब चीन जैसे दुश्मन प्रवृत्ति वाले देश के साथ 'सामान्यीकरण' की कोशिश कर रही है।
सुप्रीम कोर्ट ने सेना वाली टिप्पणी को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी से कहा कि आपको कैसे पता चला कि 2,000 वर्ग किलोमीटर भारतीय क्षेत्र पर चीन ने कब्जा कर लिया है? क्या आप वहां थे? क्या आपके पास कोई विश्वसनीय सामग्री है?
Updated on:
4 Aug 2025, 5:46 PM IST
Published on:
4 Aug 2025, 5:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.