
सरकार के खिलाफ विपक्षी सांसदों ने किया प्रदर्शन (Photo-IANS)
Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र के आखिरी दिन गुरुवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच प्रदर्शन को लेकर माहौल बेहद गरम रहा। संसद परिसर में मकर द्वार की सीढ़ियों पर बीजेपी और विपक्षी INDIA ब्लॉक के सांसद आमने-सामने नजर आए। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस घटनाक्रम पर कहा कि उन्होंने इस तरह का विरोध-प्रदर्शन पहली बार देखा है। यह नया है।
बता दें कि बीजेपी सांसदों ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर प्रदर्शन किया। इसके जवाब में विपक्षी सांसदों ने भी विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा के नेतृत्व में विपक्षी सांसद हाथ में खिलौना बंदर लेकर नारे लगाते नजर आए। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद सौगत रॉय ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सदन चलाने की जिम्मेदारी विपक्ष की नहीं, बल्कि सरकार की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने में विफल रही।
सौगत रॉय ने कहा कि विपक्ष गृह मंत्री अमित शाह का लंबा भाषण सुनना नहीं चाहता था, बल्कि वह यह स्पष्टता चाहता था कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पैलेट गन से फायरिंग का आदेश किसने दिया था?
वहीं, कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने संसद की कार्यवाही बाधित होने के लिए सरकार पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री सत्र के अंतिम दिनों में सदन में आकर यह कह रहे हैं कि वह चर्चा के लिए तैयार हैं, जबकि इससे पहले करीब 20 दिनों तक सरकार ने विपक्ष की मांगों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।
औजला ने कहा कि विपक्ष का काम सरकार के सामने जनहित के मुद्दे उठाना है, ताकि सरकार उन पर संज्ञान ले। उन्होंने दावा किया कि यदि सरकार ने राहुल गांधी द्वारा पहले उठाए गए मुद्दों पर ध्यान दिया होता, तो आज देश को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।
कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने कहा कि जनता को यह देखना चाहिए कि ये लोग जिन पर चंदे में हेराफेरी करने, राम मंदिर के लिए मिले धन को लूटने, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पेलेट गन के इस्तेमाल की अनुमति देने और बिहार में AK-47 से हत्याएं करवाने जैसे आरोप हैं। आज सदन के अंदर क्या कर रहे हैं। उन्हें सदन में अपने मौजूदा कार्यों का जवाब देना चाहिए।
Updated on:
13 Aug 2026 11:57 am
Published on:
13 Aug 2026 11:57 am
