
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (फाइल फोटो - आईएएनएस)
NEET Paper Leak Row: नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर जारी देशव्यापी विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा है कि पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई तेज करने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था की गई है। शिक्षा मंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि परीक्षा व्यवस्था के स्तर पर कुछ कमियां और चूक जरूर रही थीं, जिन्हें समय रहते सुधार लिया गया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि बिहार में कुछ लोगों ने परीक्षा के सुरक्षा प्रणाली में सेंध लगाने की कोशिश की थी।
एक समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि सरकार ने नीट परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कई स्तरों वाला एक मजबूत सुरक्षा घेरा (मल्टीलेयर सिस्टम) तैयार किया था।
हालांकि, उनके मुताबिक बिहार में कुछ लोगों ने इस व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने और उसमें सेंध लगाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों की सतर्कता की वजह से इस प्रयास का समय रहते पता चल गया और संबंधित लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामलों की सुनवाई तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी।
इंटरव्यू के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने माना कि परीक्षा व्यवस्था में कुछ कमियां थीं लेकिन सरकार ने उन्हें सुधारने का काम किया है। उन्होंने कहा, "हम स्वीकार करते हैं कि हमारी तरफ से कुछ कमियां थीं और हमने उन्हें ठीक किया है।"
प्रधान ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार को स्पष्ट संदेश दिया था कि किसी भी हाल में पेपर लीक माफिया के सामने नहीं झुकना है। उन्होंने कहा कि परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए भारतीय वायुसेना (IAF), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और अन्य एजेंसियों का सहयोग लिया गया।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए इन संस्थाओं की मदद ली गई तो इसमें आपत्ति की क्या बात है।
धर्मेंद्र प्रधान ने NEET विवाद को लेकर विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं और युवाओं के बीच डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम लेते हुए दावा किया कि उनकी एक राजनीतिक रैली की वजह से तीन छात्र समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाए थे। प्रधान ने कहा कि बाद में इस मामले को लेकर माफी भी मांगी गई थी।
NEET-UG 2026 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। विपक्ष लगातार परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है जबकि केंद्र सरकार का कहना है कि परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। गौरतलब है कि देश और विदेश के विभिन्न केंद्रों पर 21 जून को NEET-UG 2026 की परीक्षा संपन्न हुई थी।
Published on:
24 Jun 2026 07:30 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
