
NEET UG 2026 पेपर लीक केस की सुनवाई अब स्पेशल जज अजय गुप्ता करेंगे (प्रतीकात्मक फोटो - चैटजीपीटी)
NEET UG 2026 Paper Leak Case: नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले की सुनवाई कर रही दिल्ली की स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट में बड़ा बदलाव हुआ है। इस मामले की सुनवाई कर रहीं स्पेशल जज अनु ग्रोवर बलिगा का तबादला कर दिया गया है। अब इस मामले की सुनवाई स्पेशल जज अजय गुप्ता करेंगे। यह बदलाव दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से दिल्ली हायर ज्यूडिशियल सर्विस के 138 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश के तहत किया गया है। इसी प्रशासनिक फेरबदल के तहत राउज एवेन्यू स्थित विशेष अदालतों में तैनात 13 स्पेशल जजों की भी नई नियुक्तियां की गई हैं।
राउज एवेन्यू की विशेष अदालतों में UAPA, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) जैसे गंभीर मामलों की सुनवाई होती है। इन्हीं अदालतों में नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले की सुनवाई भी चल रही है। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले की आगे की सुनवाई स्पेशल जज अजय गुप्ता की अदालत में होगी।
दिल्ली हाईकोर्ट के तबादला आदेश के तहत कई अन्य विशेष अदालतों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं। स्पेशल जज अनु ग्रोवर बलिगा, विकास ढुल, अमित बंसल, किरण बंसल, पुलस्त्य प्रमाचला और प्रशांत शर्मा को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच वाले मामलों की सुनवाई के लिए विशेष जज नियुक्त किया गया है। यह बदलाव दिल्ली हायर ज्यूडिशियल सर्विस में किए गए व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है।
हाल ही में दिल्ली की स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट को पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 के तहत दर्ज मामलों की सुनवाई की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी अदालत में नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले की सुनवाई चल रही थी। अदालत के गठन के बाद से स्पेशल जज अनु ग्रोवर बलिगा इस मामले की सुनवाई कर रही थीं। अब दिल्ली हाईकोर्ट के नए आदेश के बाद इस मामले की आगे की सुनवाई स्पेशल जज अजय गुप्ता की अदालत में होगी।
नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले की जांच CBI कर रही है। इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। मामले की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया गया था ताकि सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं से जुड़े मामलों का जल्द निपटारा हो सके। अब जज के तबादले के बाद इसी अदालत में नए न्यायाधीश के समक्ष सुनवाई आगे बढ़ेगी।
Updated on:
01 Aug 2026 11:46 pm
Published on:
01 Aug 2026 09:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
