
सोनम रघुवंशी को जेल में हुआ एक महीना (Photo-IANS)
Raja Raghuvanshi Murder Case: मेघालय के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने शिलांग जेल में एक महीना पूरा कर लिया है। इस दौरान न तो उनके चेहरे पर राजा रघुवंशी के मर्डर का कोई पछतावा है और न ही परिवार का कोई सदस्य उससे मिलने आया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जेल के माहौल में सोनम ने अपने आप को ढाल लिया है। इसके अलावा वह अन्य महिला कैदियों के साथ भी अच्छी तरह से घुलमिल गई है।
बताया जा रहा कि सोनम रघुवंशी जेल मैनुअल का पालन कर रही है। वह सुबह समय पर उठती है। वहीं सोनम अपने पति की हत्या या निजी जीवन के बारे में किसी अन्य कैदी से बातचीत नहीं करती है। सोनम को जेल वार्डन के ऑफिस के पास जेल में रखा गया है, उसके साथ दो विचाराधीन महिला कैदी भी रह रही है।
हालांकि जेल में सोनम रघुवंशी को कोई काम नहीं सौंपा गया है, लेकिन उसे बाद में सिलाई और कौशल विकास से जुड़े हुए अन्य काम सिखाए जाएंगे। इसके अलावा सोनम को टीवी देखने की भी सुविधा मिलेगी।
सोनम रघुवंशी को जेल नियमों के मुताबिक अपने परिवार से मिलने और बात करने की अनुमति है, लेकिन एक महीने में ना तो परिवार के किसी सदस्य ने उससे मुलाकात की है और ना ही उसको फोन किया है।
बता दें कि 11 मई को इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी और सोनम की शादी हुई थी। शादी के महज 9 दिन बाद 20 मई को दोनों हनीमून के लिए मेघालय के शिलांग रवाना हुए। लेकिन 23 मई को राजा का संपर्क टूट गया और 2 जून को उनका शव एक गहरी खाई में मिला। पोस्टमार्टम से हत्या की पुष्टि हुई। शुरुआत में सोनम लापता थीं, जिससे कई सवाल उठे।
7 जून को सोनम गाजीपुर के एक ढाबे पर बेहोशी की हालत में मिलीं और उन्होंने हत्या की बात कबूल की। पुलिस ने उनके प्रेमी राज कुशवाहा समेत चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
Updated on:
21 Jul 2025, 5:06 PM IST
Published on:
21 Jul 2025, 4:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.