
PM मोदी ने देशवासियों से की खास अपील (फोटो - आईएएनएस)
PM Modi Independence Day 2026 Appeal:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर देशवासियों से 15 अगस्त को हर घर तिरंगा फहराने की अपील की है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे गर्व के साथ मनाने और देश के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने की बात कही।
पीएम मोदी ने कहा, “आइए, 15 अगस्त को आन-बान-शान से मनाएं। स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें और विकसित भारत का संकल्प लें। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा।” प्रधानमंत्री ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की है।
पीएम मोदी पिछले कुछ समय से इंस्टाग्राम पर पहले के मुकाबले ज्यादा सक्रिय हैं। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उन्होंने जेन-जेड छात्रों और प्रदर्शनकारियों से सीधे संवाद की कोशिश की थी। इस दौरान वह देर रात इंस्टाग्राम लाइव के जरिए छात्रों से जुड़े और उनसे बातचीत की।
इसके बाद भी पीएम मोदी ने कई मौकों पर इंस्टाग्राम का इस्तेमाल लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए किया। पिछले हफ्ते उन्होंने फ्रेंडशिप डे के मौके पर इंस्टाग्राम लाइव किया था। इसके अगले दिन नेशनल हैंडलूम डे पर भी उन्होंने लाइव आकर इस दिन से जुड़ी अपनी बात रखी थी।
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में युवाओं की उपलब्धियों और उनके योगदान को खास तौर पर सामने रखा जाएगा। रक्षा सचिव आरके सिंह ने बताया कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि समारोह में युवाओं के योगदान को रेखांकित करने की योजना जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन से पहले ही तय हो चुकी थी।
भारत इस साल 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे।
रक्षा सचिव के मुताबिक, प्रधानमंत्री के लाल किले पहुंचने के बाद वंदे मातरम् का गायन होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर लाल किले के ऊपर से उड़ान भरेगा। हेलीकॉप्टर अपने साथ वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का संदेश वाला बैनर लेकर चलेगा। इस दौरान लाल किले में मौजूद लोगों पर फूल भी बरसाए जाएंगे।
Updated on:
11 Aug 2026 05:16 pm
Published on:
11 Aug 2026 04:01 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
