
पीएम नरेंद्र मोदी(फोटो-IANS)
PM Modi Mumbai Event: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से पहले सुरक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। मुंबई के बीकेसी स्थित उस जगह के आसपास से दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है, जहां आज पीएम मोदी ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करने वाले हैं। हिरासत में लिए गए लोगों में से एक के पास बंदूक मिलने की बात कही जा रही है। वहीं, दूसरे व्यक्ति पर खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताने का आरोप है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवक की पहचान 24 वर्षीय रोहन पारेख के तौर पर हुई है। उसके पास PMO का फर्जी आईडी कार्ड भी मिला। सुरक्षा जांच के दौरान आईडी के फर्जी होने का पता चला। बताया जा रहा है कि रोहन एक बॉडीगार्ड के साथ घूम रहा था और उसके पास मौजूद व्यक्ति के पास बंदूक थी। मामले की आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार, 8 सितंबर को मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक, पीएम मोदी शाम करीब 5:45 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे और सभा को संबोधित भी करेंगे। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का आयोजन 8 से 11 सितंबर तक मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में हो रहा है। इस साल सम्मेलन की थीम 'पोटेंशियल टू इम्पैक्ट: एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन, क्वांटम- ट्रस्टेड, कनेक्टेड, ग्लोबल सिस्टम्स फॉर इनक्लूसिव फाइनेंस' है।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में नीति निर्माता, रेगुलेटर, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक कंपनियां, टेक्नोलॉजी कंपनियां और निवेशक हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन में वित्तीय क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टोकनाइजेशन और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसी नई तकनीकों की भूमिका पर चर्चा होनी है। इसका फोकस ऐसी तकनीकों के इस्तेमाल पर है, जिससे वित्तीय सेवाओं को ज्यादा भरोसेमंद, सुरक्षित और ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में मदद मिल सके।
मुंबई पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के वडोदरा में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। इनमें वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन अहम हिस्से भी शामिल हैं। इन तीनों हिस्सों की कुल लंबाई 326 रूट किलोमीटर है और इन्हें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। इनमें सानंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उंबरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जेएनपीटी सेक्शन शामिल हैं।
Updated on:
08 Sept 2026 04:50 pm
Published on:
08 Sept 2026 04:39 pm
