
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो - आईएएनएस)
PM Modi Iran Call: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच हालिया संघर्ष के बाद पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। राष्ट्रपति पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री मोदी को क्षेत्र के ताजा घटनाक्रम और आगे की स्थिति से अवगत कराया।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल में हुए संघर्ष विराम का स्वागत किया और कहा कि सभी लंबित मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही होना चाहिए।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार और जहाजों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के जारी रहनी चाहिए। हाल के तनाव के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे अहम समुद्री मार्गों को लेकर दुनिया भर में चिंता बनी हुई है।
हालिया संघर्ष के दौरान भी भारत और ईरान के बीच लगातार बातचीत होती रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के बीच यह दूसरी बार फोन पर बात हुई। इस पूरे संकट के दौरान भारत ने ईरान के साथ राजनीतिक, रणनीतिक और मानवीय स्तर पर संपर्क बनाए रखा।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी संघर्ष के दौरान ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के लगातार संपर्क में रहे। दोनों नेताओं के बीच पांच से अधिक बार बातचीत हुई, जिसमें क्षेत्रीय हालात, भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और तनाव कम करने के उपायों पर चर्चा हुई।
संघर्ष के बावजूद भारत और ईरान के बीच बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग जारी रहा।
क्षेत्रीय तनाव के बीच भारत ने मानवीय सहायता के तहत ईरानी नौसैनिक पोत IRIS Lavan के गैर-जरूरी चालक दल के सदस्यों की स्वदेश वापसी में भी मदद की।
इसके अलावा भारत के विदेश सचिव ने नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास जाकर शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए और संघर्ष में जान गंवाने वालों के प्रति भारत की संवेदना व्यक्त की।
इससे पहले ईरान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया था। हालांकि भारत की ओर से प्रधानमंत्री के बजाय बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा आधिकारिक प्रतिनिधि के तौर पर ईरान जाएंगे।
Updated on:
01 Jul 2026 12:10 am
Published on:
30 Jun 2026 09:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
