राष्ट्रीय

गोडसे के जन्मदिन पर गांधी के सामने नतमस्तक PM मोदी, कहा- बापू के बताए रास्तों पर चलकर ही कल्याण

PM Modi Mahatma Gandhi Nathuram Godse: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का जन्मदिन आज है। इस मौके पर कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर देश के कई जगहों पर तनाव की स्थिति बनी। इस बीच एक गजब का संयोग यह बना कि गोडसे के जन्मदिन वाले दिन ही पीएम मोदी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सामने नतमस्तक हुए।  

2 min read
गोडसे के जन्मदिन पर गांधी के सामने नतमस्तक PM मोदी

pm modi Mahatma Gandhi Nathuram Godse: आज नाथूराम गोडसे का जन्मदिन है। आज ही के दिन 1910 में पुणे के एक हिंदू परिवार में गोडसे का जन्म हुआ था। गोडसे ने 30 जनवरी 1948 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद वह पूरी दुनिया में विख्यात हो गया। बाद में गोडसे को फांसी दे दी गई। हत्या के 75 साल बाद भी गांधी पूरी दुनिया में प्रासंगिक है और उनके साथ-साथ गोडसे भी। आज के समय में गोडसे को हीरो मानने वाले लोगों की एक बड़ी फौज खड़ी हो गई है, जो गोडसे को सही ठहराती है। हिंदूवादी संगठन से जुड़े गोडसे की तस्वीर धार्मिक जुलूसों में दिखाई जाती है। उसके जन्मदिन पर कार्यक्रम रखे जाते हैं।

ऐसा करने वाले लोगों का कहना है कि गोडसे सही थे और गांधी गलत। गांधी ने जो किया उसका यही अंजाम होना था। राजनीतिक रूप से ये लोग भाजपा के वोटर हैं और पीएम मोदी के हर फैसले को सही बताते हुए उन्हें फॉलो करते हैं। लेकिन गांधी वाले मामले में इनकी सोच और समझ आड़े आ जाती है।


पीएम मोदी ने गांधी की प्रतिमा का किया अनावरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां महात्मा गांधी को विश्व कल्याण का पथ प्रदर्शक बताते हैं वहीं गोडसे को मानने वाले लोग गांधी को गलत ठहराते है। लेकिन आज गोडसे के जन्मदिन पर एक गजब का संयोग बना। भारत में कुछ लोग आज गोडसे का जन्मदिन मनाने का प्लान कर रहे थे, वहीं इसी दिन पीएम मोदी महात्मा गांधी के सामने नतमस्तक हुए नजर आए।


गांधी की प्रतिमा का अनावरण कर पीएम मोदी ने कही ये बातें

दरअसल जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने जापान गए पीएम मोदी शनिवार को हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। जिसके बाद उन्होंने झुककर गांधी को नमन किया। इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि हिरोशिमा नाम सुनते ही आज भी दुनिया कांप जाती है। जी7 समिट की इस यात्रा में मुझे सबसे पहले पूज्य महात्मा गांधी की प्रतीमा का अनावरण का सौभाग्य मिला है। यह मेरे लिए बड़ी बात है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज विश्व जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद की लड़ाई से जूझ रहा है। पूज्य बापू के आदर्श जलवायु परिवर्तन के साथ जो लड़ाई है उसे जीतने का उत्तम से उत्तम मार्ग है। उनकी जीवन शैली प्रकृति के प्रति सम्मान, समन्वय और समर्पन का उत्तम उदाहरण रही है।



गांधीवादी आदर्श लाखों लोगों को देते ताकतः मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि हिरोशिमा में यह प्रतिमा एक बहुत महत्वपूर्ण संदेश देती है। शांति और सद्भाव के गांधीवादी आदर्श विश्व स्तर पर गूंजते हैं और लाखों लोगों को ताकत देते हैं। बुद्ध और गांधी की धरती जिसने विश्व को शांति का संदेश दिया और जापान जो भगवान बुद्ध के विचारों से पल्लवित, पोषित है, वहां पूज्य बापू की प्रतिमा अहिंसा और करुणा के उन विचारों को आगे ले जाने में बहुत बड़ी प्रेरणा बनेगी।

गांधी के बताए रास्तों पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलिः मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित करने और उसका अनावरण करने का अवसर देने के लिए जापान सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि हम सभी को महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलना चाहिए और विश्व कल्याण के मार्ग पर चलना चाहिए. महात्मा गांधी को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

यह भी पढ़ें - जापानी PM से मिले प्रधानमंत्री मोदी, हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा का किया अनावरण

Published on:
20 May 2023 01:41 pm
Also Read
View All

अगली खबर