
सोमनाथ अमृत महोत्सव में पीएम मोदी (Photo-IANS)
Somnath Amrit Mahotsav: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में आयोजित सोमनाथ अमृत महोत्सव में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की। वहीं भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ मंदिर के भव्य शिखर का देश के 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक किया गया। दरअसल, मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे होने पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उन्होंने स्मारक डाक टिकट और स्मारक सिक्का भी जारी किया।
इस दौरान पीएम मोदी ने भाषण देते हुए कहा कि 1951 में सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा भारत की स्वतंत्र आत्मा की घोषणा थी। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण ने दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत सिर्फ आजाद ही नहीं हुआ, बल्कि अपने प्राचीन गौरव को फिर से हासिल करने की राह पर भी आगे बढ़ चुका है।
अपने संबोधन की शुरुआत हर हर महादेव के जयघोष से करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भगवान महादेव काल से परे हैं और सृष्टि के आधार हैं। उन्होंने कहा कि आज हम उस परम देव महादेव की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के 75 वर्ष मना रहे हैं, जिनसे यह सृष्टि उत्पन्न हुई और जिनमें अंततः विलीन हो जाती है।
पीएम मोदी ने कहा कि एक भक्त के रूप में वे कई बार सोमनाथ आ चुके हैं, लेकिन इस बार की यात्रा उन्हें समय के हजारों वर्षों की यात्रा जैसी अनुभूति दे गई। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल 75 वर्षों का उत्सव नहीं, बल्कि विनाश से सृजन के संकल्प का प्रतीक है, जिसे सोमनाथ सदियों से दर्शाता आया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगर भारत 1947 में स्वतंत्र हुआ, तो 1951 में सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा भारत की स्वतंत्र आत्मा की उद्घोषणा थी। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने जहां 500 से अधिक रियासतों को जोड़कर आधुनिक भारत का निर्माण किया, वहीं सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के जरिए दुनिया को भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने मंदिर में जलाभिषेक, महापूजा और ध्वज पूजा में हिस्सा लिया। कुंभाभिषेक के लिए देश के 11 तीर्थ स्थलों से लाए गए पवित्र जल का उपयोग किया गया। प्रधानमंत्री के स्वागत में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
Updated on:
11 May 2026 01:57 pm
Published on:
11 May 2026 01:03 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
