
बीजेपी में शामिल हुए प्रद्युत बोरदोलोई (Photo-X)
Pradyut Bordoloi Joins BJP: असम में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद बुधवार को बीजेपी में शामिल हो गए। इस दौरान सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और असम के बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया भी मौजूद रहें।
वहीं सांसद के बीजेपी में शामिल होने पर कांग्रेस सांसद और असम के लिए पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष प्रियंका गांधी वाड्रा की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण को लेकर मतभेद इस फैसले की एक वजह हो सकते हैं।
प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस नेताओं पर उन्हें नजरअंदाज करने का आरोप लगाया और कहा कि आंतरिक उपेक्षा के चलते उन्होंने लंबे समय का साथ छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि उनका इस्तीफा सिर्फ टिकट न मिलने का मामला नहीं था, बल्कि इसके पीछे कई कारण थे।
उन्होंने कहा कि मेरे लिए टिकट जीवन-मरण का सवाल नहीं था। कई मुद्दे थे। मेरे लिए सबसे अहम था सम्मान बनाए रखना। कांग्रेस पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है।
प्रद्युत बोरदोलोई ने आगे कहा कि मैं लोकसभा में अपने दूसरे कार्यकाल में हूं और अभी तीन साल बाकी हैं। अगर चाहता तो अपमान सहकर सांसद बना रह सकता था, लेकिन मैंने छोड़कर काम करने का फैसला किया।
वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि बोरदोलोई का जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और टिकट वितरण को लेकर उनकी नाराजगी इसकी वजह हो सकती है।
पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस सांसद गांधी ने कहा कि मुझे लगता है कि वह टिकट को लेकर नाराज थे। काश हम बातचीत कर पाते, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी कहा कि पार्टी बोरदोलोई को अपना फैसला बदलने के लिए मनाने की कोशिश करेगी। बोरदोलोई असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं।
असम में विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को एक ही चरण में होंगे। इसी दिन केरल और पुडुचेरी में भी मतदान होगा। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी, जबकि पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
Published on:
18 Mar 2026 02:31 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
