
प्रशांत किशोर(फोटो-ANI)
Bankipur By Election: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सरगर्मी तेज हो गई है। प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने के बाद अब बीजेपी ने भी अपना उम्मीदवार घोषित कर कर दिया है। बीजेपी ने अभिषेक कुमार को मैदान में उतारा है। अब जन सुराज पार्टी ने अपने उम्मीदवार प्रशांत किशोर का चुनाव आयोग के निर्देशानुसार फॉर्म C-7 जारी किया है। इस फॉर्म को पार्टी ने सोशल मीडिया साइट पर भी शेयर किया है। जारी डॉक्यूमेंट के अनुसार, प्रशांत किशोर के खिलाफ आठ आपराधिक मामले लंबित हैं। हालांकि, इनमें से किसी भी मामले में अभी तक आरोप तय (Charges Framed) नहीं हुए हैं और न ही किसी मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया है।
जन सुराज पार्टी द्वारा जारी फॉर्म C-7 के अनुसार, प्रशांत किशोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 8 मामले दर्ज हैं। इनमें गांधी मैदान, सचिवालय, पीरबहोर, सहरसा सदर और अन्य थानों में दर्ज मामले तथा कुछ आपराधिक शिकायतें (Criminal Complaints) शामिल हैं। डॉक्यूमेंट में बताया गया है कि इन मामलों की सुनवाई पटना, सहरसा, बेतिया और पश्चिम मुजफ्फरपुर की विभिन्न अदालतों में लंबित है। C-7 फॉर्म भारतीय राजनीति और चुनाव के संदर्भ में ऐसा डॉक्यूमेंट है जिसका उपयोग राजनीतिक दल आपराधिक पृष्ठभूमि वाले अपने उम्मीदवारों के बारे में जानकारी सार्वजनिक करने के लिए करते हैं।
फॉर्म C-7 में स्पष्ट किया गया है कि सभी मामलों में 'Whether charges have been framed' के सामने 'No' दर्ज है। इसके अलावा दोष सिद्ध (Conviction) और सजा (Punishment) से संबंधित कॉलम में 'NIL' लिखा गया है। यानी डॉक्यूमेंट के अनुसार किसी भी मामले में अभी तक प्रशांत किशोर को दोषी नहीं ठहराया गया है।
फॉर्म में पार्टी ने प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाए जाने का कारण भी बताया है। जन सुराज के अनुसार, प्रशांत किशोर को उनके नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव और बिहार पदयात्रा के दौरान बने व्यापक जनसंपर्क के आधार पर उम्मीदवार चुना गया है।
फॉर्म C-7 में जन सुराज ने यह भी जिक्र किया है कि स्थानीय लोगों की मांग पर प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी के अनुसार, क्षेत्र की जनता चाहती थी कि वही बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनें।
Updated on:
07 Jul 2026 07:53 pm
Published on:
07 Jul 2026 07:53 pm
