
Protest over the controversial remark on Prophet Muhammad in Ranchi
बीजेपी की निलबिंत प्रवक्ता नुपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद पर दिए बयान पर उठे बवाल ने आज पूरे देश को अपनी आगोश में ले लिया है। दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज, कोलकाता, पटना, आरा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश के साथ-साथ देश के लगभग हर राज्य में आज जुमे की नमाज के बाद लोगों का विरोध-प्रदर्शन शुरू हुआ। इस बीच झारखंड की राजधानी रांची से खौफनाक मंजर सामने आया है।
रांची में जुमे की नमाज के बाद मेन रोड में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नारेबाजी के बाद अचानक पथराव शुरू किया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने कई राउंड हवाई फायरिंग की है। उग्र प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया गया। पथराव और लाठीचार्ज में एक दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं।
शाम चार बजे समाचार लिखे जाने तक हजारों प्रदर्शनकारी मेन रोड में जमे हुए हैं। हालात को नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स और बड़ी तादाद में पुलिसकर्मी बुलाए गए हैं। इस बीच रांची से प्रदर्शनकारी और पुलिस के बीच झड़प का वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया है। एक वीडियो में प्रदर्शनकारियों के पथराव से बचने के लिए पुलिस के जवान छिपते नजर आ रहे हैं।
वहीं वीडियो में एक आवाज सुनाई पड़ रही है। जिसमें पुलिस का कोई अधिकारी यह कहता सुनाई पड़ रहे हैं कि सर यहां पथराव शुरू हो गया है... पत्थर मार रहे है... मेरे कवर पर भी पत्थर लगा है.. मेरा मोबाइल टूट गया है... सर यहां जल्दी से फोर्स भेजिए। वायरल वीडियो के बारे में कहा जा रहा है कि यह आवाज रांची के सिटी एसपी की है।
दूसरी ओर हंगामे की वजह से मेन रोड में लगभग तीन किलोमीटर के दायरे में सभी दुकानें बंद हो गई। शहर के डोरंडा इलाके में भी जबर्दस्त प्रदर्शन हुआ है। शुक्रवार को शहर में मुस्लिम समाज के लोगों ने नुपुर शर्मा और नवीन जिंदल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दुकानें बंद रखीं। शहर का डेली मार्केट सुबह से ही पूरी तरह बंद है। दो बजे नमाज के बाद हजारों लोग नारे लगाते हुए अचानक मेन रोड पर उतर आये।
भीड़ जब भगदड़ की शक्ल में मेन रोड एकरा मस्जिद से आगे बढ़ने लगी तो पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसपर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। सड़क किनारे खड़ी कई बाइक और गाड़ियां तोड़ दी गयीं। इसपर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
इसके बाद भी हालात काबू में नहीं आये तो कई राउंड फायरिंग की गयी है। सूचना मिलते ही रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा और सिटी एसपी अंशुमन सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने कहा कि अब हालात काबू में है।
Published on:
10 Jun 2022 05:54 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
