Amritpal Singh Arrest: वारिस पंजाब दे प्रमुख खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह अभी तक पंजाब पुलिस की पकड़ से बाहर है। बुधवार को उसने एक वीडियो मैसेज जारी कर पूरी दुनिया के सिख संगठनों को एकजुट होने की अपील की थी। अब उसकी धरपकड़ को लेकर पंजाब के जालंधर और कपूरथला में हाईअलर्ट किया गया है।
Amritpal Singh Arrest: अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पंजाब के जालंधर और कपूरथला को हाई अलर्ट किया गया है। दोनों शहरों में पुलिस की भारी तैनाती की गई है। हर आने-जाने पर नजर रखी जा रही है। दरअसल पंजाब पुलिस को यह खुफिया जानकारी मिली है कि अमृतपाल सिंह होशियापुर से जालंधर या कपूरथला पहुंच सकता है। इसी जानकारी के आधार पर इन दोनों मे शहरों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। मालूम हो कि अमृतपाल 18 मार्च से फरार है। उसी रोज से उसके पीछे पुलिस उसके पीछे पड़ी है। लेकिन अभी तक वो पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार टीम कई बार उसे पकड़ने के बेहद करीब पहुंच गई। लेकिन वो फिर भाग निकला।
एक दिन पहले होशियारपुर में होने की मिली थी सूचना-
एक दिन पहले उसके होशियारपुर में होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने मन्नरैया गांव में छापेमारी कर उसकी तलाश की। लेकिन वो पुलिस नाका तोड़ते हुए भाग निकला था। पुलिस मन्नरैया के आस-पास स्थित 50 गांवों में तलाशी अभियान चल रही है। लेकिन अभी तक अमृतपाल को पकड़ने में विफल रही है। पुलिस सफेद रंग की एक स्विफ्ट कार को भी खोज रही है। 9168 नंबर वाली इस स्विफ्ट कार से अमृतपाल सिंह के भागने की चर्चा है।
वीडियो जारी कर सिखों को एकजुट होने की अपील-
इधर खालिस्तानी कट्टरपंथी अमृतपाल सिंह ने बुधवार को एक नया वीडियो संदेश जारी किया जिसमें उसने अकाल तख्त के जत्थेदार से अनुरोध किया कि वह बैसाखी (13 अप्रैल) पर पंजाब को बचाने के लिए सरबद खालसा (सिखों की मण्डली) बुलाएं। उसने कहा कि अभी उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब पुलिस पर हमला बोलते हुए अमृतपाल सिंह ने सिख युवकों की गिरफ्तारी की जमकर आलोचना की।
वीडियो में बोला- कोई मेरा बाल बांका नहीं कर सकता-
वीडियो में, अमृतपाल सिंह ने कहा कि वह 18 मार्च को पुलिस से बचने में कामयाब रहा और वह सुरक्षित है। कोई मेरा बाल भी बांका नहीं कर सकता। उसने सरेंडर करने की भी इच्छा जताई। पुलिस उसके अमृतसर में अकाल तख्त या तख्त दमदमा साहिब में आत्मसमर्पण करने की उम्मीद कर रही है। दोनों जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इससे पहले मंगलवार की रात होशियारपुर कस्बे के पास एक गांव में अमृतपाल सिंह और उसके आका पापलप्रीत सिंह ने एक बार फिर पंजाब पुलिस को चकमा दे दिया।
दिल्ली में घूमने का वीडियो आया था सामने
अमृतपाल सिंह और पापलप्रीत सिंह का एक वीडियो मंगलवार को सामने आया था, जिसमें वो दिल्ली की एक गली में बिना पगड़ी और मास्क के घूम रहे हैं। एक दिन पहले राज्य के महाधिवक्ता ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट को बताया था कि पुलिस अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार करने के करीब है। हाई कोर्ट एक व्यक्ति द्वारा उसकी रिहाई की मांग वाली याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसने दावा किया था कि अमृतपाल सिंह जालंधर में अवैध हिरासत में है।
18 मार्च से फरार अमृतपाल बार-बार बदल रहा अपना ठिकाना
दोनों पक्षों के वकील को सुनने के बाद न्यायमूर्ति एन.एस. शेखावत ने याचिकाकर्ता के वकील से सबूत दिखाने को कहा कि अमृतपाल सिंह पुलिस की अवैध हिरासत में है। उन्होंने कहा कि राज्य का स्पष्ट रुख है कि अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार नहीं किया गया है। अमृतपाल सिंह 18 मार्च से गिरफ्तारी से बच रहा है, अपना ठिकाना बार-बार बदल रहा है।
यह भी पढ़ें - 'समय आ गया है, पूरी दुनिया के सिख संगठन एकजुट हो', अमृतपाल ने वीडियो जारी कर कहा