
राहुल गांधी ने पीएम मोदी के विदेश नीति पर किया तंज
Rahul Gandhi: कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन 'रचनात्मक कांग्रेस' में गुरुवार को उस वक्त माहौल मजेदार हो गया, जब राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को गले लगाया। इस पर दीक्षित ने मजाकिया अंदाज में राहुल गांधी से पूछा, 'आपने मुझे मेलोनी समझकर तो नहीं गले लगाया?' इस पर राहुल गांधी ने जवाब दिया, 'मैं अभी उस स्तर तक नहीं पहुंचा हूं।' राहुल गांधी और संदीप दीक्षित के बीच हुई इस बातचीत पर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े। दरअसल, राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर निशाना साध रहे थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री विदेश नीति को विदेशी नेताओं से गले मिलने से जोड़कर देखते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन में यह विचार कहां से आया कि विदेशी नेताओं को गले लगाना ही विदेश नीति है। उन्होंने इसे लेकर प्रधानमंत्री पर तंज कसा। इसी दौरान राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद संदीप दीक्षित को गले लगा लिया। इसके बाद संदीप दीक्षित ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'आप मुझे मेलोनी समझकर तो गले नहीं लगा रहे थे?'
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और ईरान-अमेरिका तनाव को लेकर भी भारत की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद भारत के सामने अपनी कूटनीतिक ताकत दिखाने का बड़ा अवसर था। राहुल गांधी ने कहा कि ईरान भारत का पुराना मित्र रहा है। इसके साथ ही अमेरिका और रूस भी भारत के मित्र हैं। ऐसे में भारत इन देशों के साथ अपने संबंधों का इस्तेमाल करके वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका को मजबूत कर सकता था। उन्होंने कहा, 'अगर भारत ने अपनी ताकत पहचानी होती और नेता इंदिरा गांधी जैसा होता तो यह दुनिया का सबसे बड़ा अवसर था।'
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भारत इस मौके का फायदा नहीं उठा सका और पाकिस्तान ने उसकी जगह ले ली। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान मध्यस्थ बन गया, जबकि भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल देखते रह गए। राहुल गांधी ने कहा कि भारत के पास ईरान, अमेरिका और रूस के साथ अपने संबंधों के कारण पश्चिम एशिया के संकट के बीच महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर था, लेकिन सरकार इसका फायदा नहीं उठा सकी।
Updated on:
13 Aug 2026 08:55 pm
Published on:
13 Aug 2026 08:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
