
TMC सांसद महुआ मोइत्रा (Photo-IANS)
पश्चिम बंगाल में इंटरनेशनल योग दिवस से पहले कोलकाता के रेड रोड को लेकर नया राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। इसे लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। इसी बीच तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने सवाल उठाया कि ईद की नमाज के लिए रेड रोड एक घंटे के लिए भी उपलब्ध नहीं कराया गया, जबकि योग दिवस कार्यक्रमों के लिए उसी मार्ग को लगभग एक सप्ताह तक बंद रखा गया है। साथ ही मोइत्रा ने टीएमसी के बागी सांसदों पर भी निशाना साधा और कहा कि वह इस बारे में अपने पेमास्टर (पैसे देने वाले) से सवाल क्यों नहीं करते है। महुआ मोइत्रा के इस बयान ने बंगाल की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है।
महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि ईद की नमाज के लिए एक घंटे की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन योग दिवस समारोह के लिए पूरे सप्ताह ट्रैफिक रोका जा रहा है। उन्होंने तृणमूल सांसद अबू ताहेर खान, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान पर भी निशाना साधा। मोइत्रा ने कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे अपने पेमास्टर मतलब कि अपने कथित राजनीतिक आकाओं से इस फैसले पर सवाल पूछें। उनका बयान ऐसे समय आया है जब तृणमूल के कई सांसदों के एनडीए में जाने की अटकलें तेज हैं।
बता दें कि, विधानसभा चुनावों में हार के बाद टीएमसी के कई सासंदों ने शीर्ष नेतृत्व से बगावत कर दी है। बागी सांसदों ने टीएमसी का साथ छोड़ नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) पार्टी का दामन थाम लिया है। इसी बीच सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया है कि पार्टी के 28 सांसदों में से लगभग 20 सांसद एनडीए में शामिल होने की इच्छा रखते हैं। टीएमसी ने इस बगावत को धोखा बताते हुए बागी सांसदों की कड़ी आलोचना की है। इस कड़ी में अब महुआ मोइत्रा ने भी बागी सांसदों पर सवाल उठाते हुए उन पर जनता के विश्वास को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है और योगा दिवस पर रेड रोड बंद होने को लेकर सवाल किए है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने 21 जून को होने वाले इंटरनेशनल योग दिवस कार्यक्रमों में सभी सरकारी कर्मचारियों की भागीदारी अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल द्वारा जारी आदेश में विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्थानीय निकायों और स्वायत्त संस्थाओं के कर्मचारियों को सुबह आयोजित योग सत्रों में शामिल होने को कहा गया है। रेड रोड और मिलन मेला मैदान सहित कई स्थानों पर केंद्रीकृत कार्यक्रम रखे गए हैं। अधिकारियों को कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी दी गई है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 2014 में मान्यता मिलने के बाद इस वर्ष योग दिवस का 12वां आयोजन किया जाएगा।
Updated on:
18 Jun 2026 02:50 pm
Published on:
18 Jun 2026 02:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
