12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Republic Day 2025: PM मोदी, उपराष्ट्रपति, खरगे समेत तमाम नेताओं ने गणतंत्र दिवस की दी शुभकामनाएं, जेपी नड्डा और एस जयशंकर ने फहराया झंडा

Republic Day 2025: भारत आज गणतंत्र दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत तमाम नेताओं ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है।

3 min read
Google source verification

Republic Day 2025: भारत आज गणतंत्र दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ( आरएसएस ) प्रमुख मोहन भागवत, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा समेत तमाम नेताओं ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को राष्ट्रीय पर्व की बधाई देते हुए इसे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने का प्रतीक बताया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो। यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे, यही कामना है।

उपराष्ट्रपति ने गणतंत्र दिवस की दी शुभकामनाएं

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत तमाम नेताओं ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। उपराष्ट्रपति ने एक्स पोस्ट पर लिखा, हमारे 76वें गणतंत्र दिवस पर सभी देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं। जैसे-जैसे हम अपनी स्वतंत्रता शताब्दी की अंतिम तिमाही में प्रवेश कर रहे हैं, आइए हम राष्ट्र प्रथम के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता के साथ 2047 में विकसित भारत को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्पित होकर काम करें। आइए हम सामाजिक सद्भाव, पारिवारिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भावना और नागरिक कर्तव्यों के अपने सभ्यतागत लोकाचार को पोषित करें। आइए हमारे युवा आशा और संभावना की प्रचलित भावना को अनुकूलित करते हुए इस परिवर्तनकारी यात्रा का नेतृत्व करें।

जेपी नड्डा ने भाजपा मुख्यालय में फहराया झंडा

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, सभी देशवासियों को 76वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर समस्त संविधान निर्माताओं, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र की संप्रभुता, एकता व अखण्डता को अक्षुण्ण बनाये रखने वाले हमारे वीर जवानों को कोटिशः नमन करता हूं।

खरगे ने भी बेंगलुरू में फहराया राष्ट्रीय ध्वज

वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी बेंगलुरू में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार समेत तमाम कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अमित शाह ने भी दी शुभकामनाएं

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा कि समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। गणतंत्र दिवस भारत के संवैधानिक मूल्यों के प्रति आस्था, सामाजिक समानता के प्रति दृढ़ता और लोकतंत्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर मैं सभी स्वतंत्रता सेनानियों और मजबूत गणतंत्र की नींव रखने वाले संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

यह भी पढ़ें- Republic Day 2025: भारत मना रहा है 76वां गणतंत्र दिवस, कर्तव्य पथ पर सेना का शौर्य और सांस्कृतिक धरोहर का प्रदर्शन

त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा ने 76वें गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने अगरतला में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर 76वें गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत की और इसे बहुत गर्व की बात बताया। अपने संबोधन में साहा ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला, जिसने देश की प्रगति का मार्गदर्शन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत ऐतिहासिक दिन है। आज 76वां गणतंत्र दिवस है और यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि संविधान लिखा गया। इसके आधार पर देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने एक्स पोस्ट पर 76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।