
लालू यादव ( फोटो- आईएएनएस)
देशभर में आज 77वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है और कार्यालयों और सरकारी दफ्तरों में तिरंगा फहराया जा रहा है। बिहार में भी राजधानी पटना में इस मौके पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान समेत कई बड़ी हस्तियां मौजूद रही। वहीं विपक्षी पार्टी राजद ने भी पार्टी कार्यालय के साथ-साथ राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिप्रक्ष तेजस्वी यादव के निवास स्थान पर झंडा फहराया।
इस दौरान तेजस्वी यादव की गैर मौजूदगी चर्चा का विषय रही। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव इन तीनों ध्वजारोहण के कार्यक्रमों से गायब रहे। तेजस्वी के कार्यक्रम में नहीं शामिल होने को लेकर अभी तक उनके या फिर पार्टी द्वारा कोई सफाई पेश नहीं की गई है। हालांकि तेजस्वी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। अपने पोस्ट में तेजस्वी ने NDA सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया।
तेजस्वी ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज का यह पावन दिन महान स्वतंत्रता सेनानियों, देशभक्तों, संविधान निर्माताओं और अमर शहीदों को स्मरण कर उन्हें धन्यवाद कहने का दिन है। आज गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर समस्त वीरों को सादर नमन के साथ श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं जिन्होंने अपनी जान की कुर्बानी देकर हमें आजादी दिलाई तथा देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने में अपना सर्वस्व बलिदान दिया।
तेजस्वी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, एनडीए सरकार की विघटनकारी सामाजिक, आर्थिक और संविधान विरोधी अलोकतांत्रिक नीतियों के कारण देश के वर्तमान हालात चिंतनीय हैं। संविधान लागू होने के दशकों बाद संविधान एवं लोकतंत्र को समृद्ध करने की बजाय मौजूदा एनडीए सरकार इसे कमजोर करने वाले कार्य कर रही है। वे फ़ासीवादी ताक़तें जिनका देश की आज़ादी में कहीं कोई योगदान नहीं हैं वे संविधान की मूल भावना पर प्रहार कर रहे हैं। संविधान की उद्देशिका को बदलने का प्रयास किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने आगे लिखा, त्याग, बलिदान, यत्न, संघर्ष एवं समर्पण से भरे कर्तव्य-पथ पर अग्रसर होकर आजादी के दीवाने हमारे पुरखों ने हमें यह आदर्श जनतांत्रिक व्यवस्था सौंपी है। आइए, हम सभी मिलकर प्रतिज्ञा ले कि हम सब इस महान देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखेंगे तथा अपने सकारात्मक प्रयासों एवं योगदान से अपने पुरखों के संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक भारत के स्वप्न को साकार कर, देश की प्रगति-समृद्धि में बढ़-चढ़ योगदान करते रहेंगे।
Updated on:
26 Jan 2026 12:46 pm
Published on:
26 Jan 2026 12:45 pm

बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
