20 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद में हाई अलर्ट, जानें क्यों पुलिस ने मल्टी-लेयर सिक्योरिटी की तैनात

NEET UG 2026 Re-Exam: नीट री-एग्जाम से पहले अहमदाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने इसके लिए ड्रोन निगरानी, साइबर मॉनिटरिंग के जरिए 10,445 छात्रों की परीक्षा सुरक्षित कराने की तैयारी है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Saurabh Mall

Jun 20, 2026

NEET UG Re-Exam 2026 Updates

नीट री-एग्जाम से पहले अहमदाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम (इमेज सोर्स: ANI)

NEET UG Re-Exam 2026 Updates: अहमदाबाद में शनिवार को होने वाले नीट री-एग्जाम (NEET-UG 2026) को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा से पहले पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण एग्जाम को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पुलिस, साइबर टीम और ट्रैफिक विभाग को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पेपर लीक विवाद के बाद होने जा रहे इस री-एग्जाम पर पूरे देश की नजर है। ऐसे में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए अहमदाबाद पुलिस ने मल्टी-लेयर सिक्योरिटी प्लान तैयार किया है।

23 परीक्षा केंद्रों पर ड्रोन से रखी जाएगी नजर

अहमदाबाद पुलिस के अनुसार शहर में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10,445 छात्र परीक्षा देंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए छह जोनल डीसीपी और 15 पुलिस स्टेशनों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। क्राइम ब्रांच ने क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात की है, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों और आसपास के इलाकों पर ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जाएगी। साइबर क्राइम ब्रांच सोशल मीडिया पर भी नजर रखेगी, ताकि किसी अफवाह या भ्रामक जानकारी से छात्रों और अभिभावकों में घबराहट न फैले।

ट्रैफिक कंट्रोल से लेकर फोटोकॉपी दुकानों तक पर सख्ती

छात्र समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें, इसके लिए 14 ट्रैफिक पुलिस स्टेशनों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्जन भी किया जा सकता है।

वहीं, परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों के आसपास मौजूद फोटोकॉपी और जेरॉक्स की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच अपने परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं। इसके बाद एंट्री गेट बंद कर दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित परीक्षा में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया था। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।