8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘मिशन 2027’ की तय होगी रणनीति! भूपेश बघेल की अगुवाई में पंजाब कांग्रेस की अहम बैठक कल

पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को लेकर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इसकी अध्यक्षता पंजाब के नवनियुक्त प्रभारी भूपेश बघेल करेंगे।

2 min read
Google source verification

पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी भूपेश बघेल

Punjab Congress: पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की संभावनाओं के बीच गुरुवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल करेंगे। बैठक में पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति रहेगी, जहां संगठन में सुधार और बदलाव के मुद्दों पर चर्चा होगी।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बदलने पर मंथन संभव

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को बदलने पर भी विचार किया जा सकता है। पार्टी की आगामी रणनीति को देखते हुए संगठनात्मक ढांचे में बड़े फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। यह बैठक न केवल पंजाब कांग्रेस की भावी दिशा तय करेगी, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भी अहम मानी जा रही है।

‘मिशन 2027’ की तैयारी शुरू

हालांकि पंजाब में विधानसभा चुनाव अभी दो साल दूर हैं, लेकिन कांग्रेस ने अभी से चुनावी मोर्चा संभालना शुरू कर दिया है। बीते दिनों प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के जोश की सराहना करते हुए कहा था कि कांग्रेस पंजाब में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा, "पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। हमें इस ऊर्जा को बनाए रखते हुए जनता के हितों के लिए काम करना है। 2027 के चुनावों की तैयारी पूरी मजबूती से करेंगे और जीतेंगे।"

पंजाब कांग्रेस में बढ़ती गुटबाजी

पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों से अंदरूनी कलह तेज हो गई है। एक ओर जहां पार्टी अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने हाल ही में घोषणा की कि 2027 के चुनावों में 60-70 नए चेहरों को टिकट दिया जाएगा, वहीं दूसरी ओर पार्टी के वरिष्ठ नेता और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी में बढ़ते मतभेदों को दूर करने के लिए यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

भाजपा और आप से मुकाबले की रणनीति पर भी चर्चा संभव

बैठक में आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) से मुकाबले की रणनीति पर भी चर्चा की जा सकती है। पंजाब में आप सरकार के खिलाफ कांग्रेस लगातार हमलावर रही है, वहीं भाजपा भी राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में एक प्रभावी रणनीति तैयार करने की दिशा में कदम उठा रही है।

यह भी पढ़ें- Punjab Politics: AAP विधायक हमारे संपर्क में, कांग्रेस MLA के बयान पर मंत्री कुलदीप सिंह और अमन अरोड़ा ने किया पलटवार

बैठक के नतीजों पर टिकी निगाहें

पंजाब कांग्रेस की इस महत्वपूर्ण बैठक से संगठन में संभावित बदलाव और आगामी रणनीति को लेकर कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक विश्लेषकों की निगाहें इस बैठक पर टिकी हुई हैं कि क्या प्रदेश अध्यक्ष बदले जाएंगे या फिर पार्टी में कोई अन्य बड़ा फैसला लिया जाएगा।