
उमर अब्दुल्ला(फोटो-IANS)
Sunil Sharma on Omar Abdullah: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के प्रस्तावित जंतर-मंतर प्रदर्शन पर बीजेपी ने निशाना साधा है। विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी इस प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य का दर्जा बहाल करने के आश्वासन पर पूरा भरोसा है। शर्मा ने आरोप लगाया कि उमर अब्दुल्ला अपनी सरकार की कथित नाकामियां छिपाने के लिए यह प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गैस, राशन, बिजली और रोजगार जैसे मुद्दों पर अपने वादे पूरे नहीं कर पाई। इसलिए अब लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर उनकी सरकार गिराने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के एक विधायक को 20 से 30 करोड़ रुपये, मंत्री पद और जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल कराने का भरोसा देकर दल बदलने की पेशकश की गई। हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी के किसी भी विधायक ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।
श्रीनगर के हजरतबल में आयोजित नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू क्षेत्र के उनकी पार्टी के एक विधायक से सुप्रीम कोर्ट के एक वकील के माध्यम से संपर्क किया गया।
उन्होंने दावा किया कि विधायक को 20 से 30 करोड़ रुपये नकद, मंत्री पद और जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल कराने का भरोसा देकर पार्टी छोड़ने के लिए कहा गया था। हालांकि, विधायक ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी तमाम कोशिशों के बावजूद नेशनल कॉन्फ्रेंस का एक भी विधायक नहीं तोड़ पाई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को उनकी शालीनता या संयम को कमजोरी नहीं समझना चाहिए। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यदि भविष्य में उनकी पार्टी के हर विधायक को 100 करोड़ रुपये का भी प्रस्ताव दिया जाए, तब भी कोई नेता पार्टी छोड़कर नहीं जाएगा।
Updated on:
12 Jul 2026 04:08 pm
Published on:
12 Jul 2026 03:20 pm
