
Congress
India Alliance: दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election 2025) से पहले इंडिया गठबंधन के दो दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच तनातनी बढ़ गई है। AAP ने कांग्रेस को इंडिया गठबंधन (India Alliance) से बाहर करने की मांग भी की है। गुरुवार को दिल्ली की सीएम आतिशी (CM Atishi) और संजय सिंह (Sanjay Singh) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की साथ ही कहा कि यदि कांग्रेस ऐसा नहीं करती है तो उसे इंडिया गठबंधन से बाहर करने के लिए ब्लॉक के दूसरे दलों से बात की जाएगी।
वहीं सीएम आतिशी ने इस दौरान बीजेपी पर कांग्रेस प्रत्याशियों की फंडिंग करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हमें विश्वसनीय स्रोतों से पता लगा है कि कांग्रेस प्रत्याशियों का चुनावी खर्च बीजेपी से आ रहा है। कांग्रेस प्रत्याशियों को बीजेपी फंड दे रही है। हमने सुना है कि संदीप दीक्षित को बीजेपी से फंड मिल रहा है। सीएम आतिशी ने आगे कहा कि कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी के साथ आप पार्टी को हराने और दिल्ली में बीजेपी को जिताने के लिए कुछ आपसी समझौता किया है।
बता दें कि कांग्रेस नेता अजय माकन ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को देश का फ्रॉड किंग बताया था। उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल को एक शब्द में परिभाषित करना हो तो वह शब्द फर्जीवाल होगा। लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में आना कांग्रेस की भूल थी, जिसे अब सुधारा जाना चाहिए। अरविंद केजरीवाल जैसे शख्स पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद इंडिया गठबंधन के नेतृत्व को लेकर सवाल उठे थे। वहीं इंडिया गठबंधन के नेतृत्व को बदलने की मांग उठी थी। ममता बनर्जी ने इंडिया ब्लॉक का नेतृत्व करने की इच्छा जाहिर की थी। ममता बनर्जी ने कहा था कि जरुरत पड़ने पर वह बंगाल से ही गठबंधन की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार है। इसके बाद सपा नेता अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल और लालू प्रसाद यादव समेत कई नेताओं ने ममता बनर्जी का समर्थन किया था। बाद में ममता ने समर्थन करने वाले नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया था। अब आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से बाहर करने की मांग की है। ऐसे में दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए यह चिंता बढ़ाने वाली बात है।
लोकसभा चुनाव में आप पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन कर दिल्ली में अपने प्रत्याशी उतारे थे। लेकिन विधानसभा चुनाव 2025 में दोनों ही दल अलग-अलग चुनाव लड़ रहे है। हालांकि इससे पहले हरियाणा में भी दोनों दलों के बीच गठबंधन की बात सामने आई थी, लेकिन सीट शेयरिंग को लेकर बात नहीं बनने पर गठबंधन नहीं हो पाया था। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर AAP ने सभी 70 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है, जबकि कांग्रेस ने अपनी दो सूची जारी कर दी है। कांग्रेस अब तक दो सूचियों में 47 नामों का ऐलान कर चुकी है।
Published on:
26 Dec 2024 06:48 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
