
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में सलमान खान का नाम घसीटे जाने पर शिवसेना ने जताई आपत्ति (Photo-ANI)
Tiger Shroff Firing Incident: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में सलमान खान का नाम घसीटे जाने पर शिवसेना ने आपत्ति जताई है। इस पर शिवसेना नेता शाइना एनसी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि टाइगर श्रॉफ की छवि साफ-सुथरी रही है और वह किसी विवाद में शामिल नहीं रहे हैं। ऐसे में उन पर हमले को सलमान खान से उनकी नजदीकी से जोड़कर देखना सही नहीं है।
मीडिया से बात करते हुए शाइना एनसी ने आगे कहा कि टाइगर श्रॉफ के जीवन और उनके सार्वजनिक बयानों पर नजर डालें तो वह किसी विवादित बयान को लेकर चर्चा में नहीं रहे हैं। इसलिए यह कहना कि सलमान खान के करीबी होने के कारण टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया, उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि सलमान खान के करीबी कई अन्य बड़े सितारे भी हैं, लेकिन उन पर इस तरह के हमले नहीं हुए हैं। ऐसे में केवल सलमान खान से नजदीकी के आधार पर फायरिंग की घटना को उनसे जोड़ना सही नहीं है।
उन्होंने साफ कहा कि इस मामले में सलमान खान का नाम नहीं घसीटना चाहिए और न ही उन्हें बेवजह बलि का बकरा बनाया जाना चाहिए।
वहीं टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में हथियारों की सप्लाई करने वाले मॉड्यूल का पुलिस ने खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार आरोपियों को पकड़ा है। इसमें हरियाणा के सोनीपत निवासी कुनाल और सुमित के अलावा उत्तर प्रदेश की राधा और बबीता शामिल हैं।
मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि कुणाल और सुमित को सोनीपत से पकड़ा, जबकि राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुणाल को हरसाना गांव के एक दोस्त ने अनिल पंडित से मिलवाया था। इसके बाद कुणाल की अनिल पंडित से एक एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए बातचीत होने लगी। बताया जा रहा है कि अनिल पंडित के निर्देश पर कुणाल अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस लेकर आया था। इस दौरान सुमित भी उसके साथ था। पुलिस इस मामले में और जांच कर रही है।
Updated on:
21 Oct 2026 11:32 am
Published on:
21 Oct 2026 10:47 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
