
कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल के खिलाफ एफआईआर हुई दर्ज (Photo-IANS)
देश में टीपू सुल्तान को लेकर एक बार फिर राजनीति तेज हो गई है। दरअसल, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी से कर दी। इसके बाद सियासी हलचल और बयानबाजी तेज हो गई। बीजेपी नेता धीरज घाटे की शिकायत पर पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बीजेपी नेता ने सपकाल पर हिंदुओं की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, टीपू सुल्तान मुस्लिम और शिवाजी महाराज हिंदू थे; ऐसे में यह बयान सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ सकता है। सपकाल ने यह टिप्पणी शनिवार को उस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए की थी, जिसमें मालेगांव नगर निगम के उपमहापौर के कार्यालय में टीपू सुल्तान का चित्र लगाए जाने का विरोध शिवसेना और अन्य संगठनों द्वारा किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता सपकाल ने कहा था कि शिवाजी महाराज की वीरता और स्वराज की अवधारणा से प्रेरित होकर ही टीपू सुल्तान ने बाद में अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध लड़ा। उन्होंने टीपू को महान योद्धा और भारत का सच्चा सपूत बताते हुए कहा कि उन्हें शिवाजी महाराज के समान साहस के प्रतीक के रूप में देखा जाना चाहिए।
हालांकि, भाजपा नेता घाटे ने इस बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इससे उन हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं जो शिवाजी महाराज को भगवान के समान मानते हैं।
पुलिस ने सपकाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 192, 196(1), 196(2), 352 और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
इस मामले में AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी का भी प्रवेश हो गया है। सांसद ने कहा कि टीपू सुल्तान अंग्रेजों से लड़ते हुए शहीद हुए। टीपू ने अंग्रेजों को लव लेटर नहीं लिखे, जैसा वीर सावरकर ने किया था, जिसमें माफी मांगी हो और जो भी वे कहेंगे, वह करने का वादा किया हो। टीपू ने अपनी तलवार उठाई और अंग्रेजों से अपने देश को आजाद कराने की लड़ाई में शहीद हो गए।
उन्होंने आगे कहा कि क्या यह झूठ है कि APJ अब्दुल कलाम ने अपनी किताब विंग्स ऑफ फायर में लिखा था कि आज भारत के पास जो भी मिसाइल टेक्नोलॉजी और रॉकेट टेक्नोलॉजी है, हम टीपू के सपनों को पूरा कर रहे हैं? गांधी ने अपनी यंग एज मैगज़ीन में लिखा था कि टीपू सुल्तान हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल हैं।
Updated on:
15 Feb 2026 11:18 am
Published on:
15 Feb 2026 11:18 am
