
TMC की बागी सांसद काकोली घोष (Photo- ANI)
TMC MP Kakoli Ghosh Dastidar: पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर मचा घमासान अब दिल्ली के गलियारों और संसद भवन तक पहुंच गया है। हाल ही में टीएमसी के 19 अन्य सांसदों के साथ पाला बदलकर 'नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया' (NCPI) में शामिल हुईं बागी सांसद डॉ. काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) ओम बिरला से बड़ी शिकायत की है। उन्होंने टीएमसी के वरिष्ठ सांसद और अधिवक्ता कल्याण बनर्जी को संसद से निष्कासित करने की मांग की है।
काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा स्पीकर को सौंपे अपने शिकायती पत्र में कल्याण बनर्जी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कल्याण बनर्जी पर संसद परिसर के भीतर लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करने, महिलाओं के प्रति अत्यंत अमर्यादित व लैंगिक द्वेष से भरी टिप्पणियां करने और घोर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
कोलकाता में इस संबंध में बात करते हुए बागी सांसद काकोली घोष ने स्पष्ट शब्दों में कहा, 'उन्होंने (कल्याण बनर्जी) महिलाओं के लिए बेहद गलत और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। सार्वजनिक जीवन और संसद के भीतर इस तरह के आचरण को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता, इसीलिए मैंने उनके खिलाफ स्पीकर को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।' 20 लोकसभा सांसदों के सामूहिक विद्रोह के बाद, बागी गुट द्वारा टीएमसी के शीर्ष नेतृत्व और उनके करीबी सांसदों पर इस तरह के तीखे हमले ने बंगाल से लेकर दिल्ली तक की सियासी तपिश को और बढ़ा दिया है।
TMC सांसद कल्याण बनर्जी को बाहर करने की मांग पर TMC सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि बार-बार गलती करने वाले और महिलाओं के प्रति नफरत रखने वाले व्यक्ति को कानून के तहत सजा मिलनी चाहिए। अगर वह बार-बार सम्माननीय सदस्यों या किसी भी महिला को बुरे नामों से बुलाकर या बुरा बर्ताव करके परेशान करता है, तो उसे सजा मिलनी चाहिए।
काकोली घोष की शिकायत पर TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि सबसे पहले तो यह शिकायत झूठी, बेबुनियाद और बाद में सोची-समझी बात है। इसमें कोई दम नहीं है। आप देखेंगे कि 6 मई, 2026 के बाद उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली थी। बाद में मुझे चीफ व्हिप नियुक्त किया गया। इसके बाद, वह किसी दूसरी राजनीतिक पार्टी में शामिल हो गईं। इसलिए, यह शिकायत किसी राजनीतिक मकसद को पूरा करने के लिए की गई है।
Updated on:
16 Jun 2026 09:17 pm
Published on:
16 Jun 2026 08:48 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
