19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत को अमेरिका से 428 मिलियन डॉलर की रक्षा डील की मंजूरी, अपाचे और M777 सिस्टम को मिलेगा सपोर्ट

US foreign military sales India: अमेरिका ने भारत को अपाचे AH-64E अटैक हेलीकॉप्टर और M777A2 अल्ट्रा-लाइट होवित्जर के लिए 428 मिलियन डॉलर की सपोर्ट सर्विस और उपकरण बिक्री को मंजूरी दी है। इस डील से भारत की रक्षा क्षमता और मजबूत होगी तथा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा मिलेगा।

2 min read
Google source verification
US India strategic partnership

अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर प्रतीकात्मक तस्वीर। (File Photo/ANI)

India US defense deal: अमेरिका ने भारत को अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर और M777 अल्ट्रा-लाइट होवित्जर तोप के लिए सपोर्ट सर्विस और उससे जुड़े उपकरण बेचने की मंजूरी दे दी है। यह डील 428 मिलियन डॉलर से अधिक की है। अपाचे हेलीकॉप्टर के लिए प्रस्तावित बिक्री की कीमत लगभग 198.2 मिलियन डॉलर है। इसमें AH-64E अपाचे के लिए रखरखाव और सपोर्ट सर्विस शामिल हैं। वहीं, M777A2 अल्ट्रा-लाइट होवित्जर के लिए लंबे समय तक चलने वाले रखरखाव और सपोर्ट की कीमत लगभग 230 मिलियन डॉलर है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने बताया कि अपाचे सपोर्ट पैकेज के लिए मुख्य कॉन्ट्रैक्टर बोइंग और लॉकहीड मार्टिन होंगे। होवित्जर के सपोर्ट के लिए मुख्य कॉन्ट्रैक्टर BAE Systems है। विदेश विभाग ने बताया कि भारत ने AH-64E अपाचे के लिए रखरखाव और सपोर्ट सर्विस, अमेरिकी सरकार और कॉन्ट्रैक्टर की इंजीनियरिंग, तकनीकी और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट सर्विस, तकनीकी डेटा और प्रकाशन, कर्मियों का प्रशिक्षण, लॉजिस्टिक्स और प्रोग्राम सपोर्ट से जुड़े अन्य तत्वों को खरीदने का अनुरोध किया है।

होवित्जर के मामले में अमेरिका ने बताया कि इसमें गैर-प्रमुख रक्षा उपकरण शामिल होंगे, यानी सहायक उपकरण, अतिरिक्त पुर्जे, मरम्मत, प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता, फील्ड सर्विस प्रतिनिधि, डिपो क्षमता, तथा लॉजिस्टिक्स और प्रोग्राम सपोर्ट से जुड़े अन्य तत्व।

डील पर क्या बोला अमेरिका?

US विदेश विभाग ने कहा, 'यह प्रस्तावित बिक्री US-भारत रणनीतिक संबंधों को मजबूत करके और एक प्रमुख रक्षा साझेदार की सुरक्षा को बेहतर बनाकर, संयुक्त राज्य अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा उद्देश्यों को पूरा करने में मदद करेगी। यह साझेदार इंडो-पैसिफिक और दक्षिण एशिया क्षेत्रों में राजनीतिक स्थिरता, शांति और आर्थिक प्रगति के लिए एक महत्वपूर्ण शक्ति बना हुआ है।'

अमेरिका के विदेश विभाग ने आगे कहा कि इस बिक्री से भारत की मौजूदा और भविष्य की चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ेगी, उसकी घरेलू रक्षा मजबूत होगी और क्षेत्रीय खतरों को रोका जा सकेगा। भारत की सैन्य क्षमताओं पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, कि भारत को इन उपकरणों और सेवाओं को अपनी सेना में शामिल करने में कोई दिक्कत नहीं होगी।

अपाचे हेलीकॉप्टर और होवित्जर तोप की क्षमता

AH-64E अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर अत्याधुनिक रडार, नाइट-विजन सिस्टम और हेलफायर मिसाइलों से लैस है। यह दुश्मन के टैंकों, बख्तरबंद वाहनों और ठिकानों को सटीकता से नष्ट करने में सक्षम है। इसमें उन्नत सेंसर और मजबूत सुरक्षा प्रणाली इसे युद्धक्षेत्र में अत्यंत प्रभावी बनाती है।

वहीं M777 अल्ट्रा-लाइट होवित्जर हल्के टाइटेनियम निर्माण के कारण तेजी से तैनात किया जा सकता है। यह लंबी दूरी तक सटीक गोले दागने में सक्षम है। पहाड़ी व दुर्गम क्षेत्रों में भी आसानी से संचालित होता है। इसकी गतिशीलता और सटीक फायरपावर इसे आधुनिक युद्ध का महत्वपूर्ण हथियार बनाती है।