23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ट्रंप के घर में ही ‘तख्तापलट’? नौसेना चीफ के अचानक इस्तीफे पर ईरान का अमेरिका पर सबसे बड़ा तंज

Resignation: अमेरिका में नौसेना सचिव जॉन फेलन के इस्तीफे के बाद थाईलैंड स्थित ईरानी दूतावास ने ट्रंप प्रशासन का मजाक उड़ाया है। ईरान ने तंज कसते हुए कहा कि अमेरिका में अब शासन परिवर्तन की लहर चल रही है।

3 min read
Google source verification

भारत

image

MI Zahir

Apr 23, 2026

Donald Trump government

अमेरिकी प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप । ( फोटो : ANI)

Phelan Resignation: अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप सरकार इन दिनों बड़े बदलावों और अंदरूनी उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। इसी बीच, थाईलैंड में मौजूद ईरानी दूतावास ने अमेरिका पर तंज कसने का एक भी मौका नहीं छोड़ा है। अमेरिकी नौसेना सचिव जॉन सी. फेलन के अचानक इस्तीफे के बाद ईरान ने ट्रंप प्रशासन का सोशल मीडिया पर जम कर मजाक उड़ाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट करते हुए ईरानी दूतावास ने लिखा कि अमेरिका में 'शासन परिवर्तन' (तख्तापलट) का सिलसिला अब भी जारी है। यह पहली बार नहीं है जब ईरान ने अमेरिका पर इस तरह का व्यंग्य किया हो। इससे पहले जब अमेरिकी श्रम सचिव लोरी चावेज-डेरेमर ने अपनी कुर्सी छोड़ी थी, तब भी दूतावास ने ऐसी ही टिप्पणी करते हुए कहा था कि तख्तापलट अब विदेशों में नहीं, बल्कि खुद अमेरिका के अंदर हो रहा है।

पेंटागन में लगातार हो रहे बदलाव

अमेरिका के रक्षा विभाग यानी पेंटागन में इन दिनों माहौल अस्थिर बना हुआ है। नौसेना सचिव जॉन फेलन का इस्तीफा इसी अस्थिरता का हिस्सा माना जा रहा है। पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने इस बात की पुष्टि की है कि फेलन तत्काल प्रभाव से अपना पद छोड़ रहे हैं। हालांकि, उन्होंने इस अचानक लिए गए फैसले की कोई साफ वजह नहीं बताई। ट्रंप के इस दूसरे कार्यकाल में किसी बड़े सैन्य सेवा प्रमुख का यह पहला इस्तीफा है, जिसने सबको चौंका दिया है।

अमेरिकी सैन्य ढांचे में यह आक्रामक फेरबदल दुखद

दरअसल, अमेरिका के युद्ध सचिव पीट हेगसेथ लगातार बड़े सैन्य अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखा रहे हैं। सेना के शीर्ष अधिकारी जनरल रैंडी जॉर्ज समेत कई हाई-प्रोफाइल अधिकारियों को पहले ही हटाया जा चुका है। साल 2025 की शुरुआत से ही अमेरिकी सैन्य ढांचे में यह आक्रामक फेरबदल देखने को मिल रहा है।

ईरान और अमेरिका के बीच चरम पर तनाव

नौसेना के सबसे बड़े पद का खाली होना इस समय अमेरिका के लिए चिंता का विषय है। ऐसा इसलिए क्योंकि अमेरिकी नौसेना इस वक्त ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी करने में सक्रिय रूप से जुटी है। दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। एक तरफ नाजुक युद्धविराम है, तो दूसरी तरफ अमेरिका लगातार ईरान से जुड़े जहाजों को निशाना बना रहा है और होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे अहम व्यापारिक रास्तों पर नाकेबंदी कर रखी है। ईरान ने इस नाकेबंदी को समझौते का उल्लंघन बताया है और यही कारण है कि उसने किसी भी तरह की कूटनीतिक बातचीत से साफ इनकार कर दिया है।

विवादों के बाद श्रम सचिव का इस्तीफा

रक्षा विभाग के अलावा नागरिक मंत्रिमंडल में भी खासी हलचल है। अमेरिकी श्रम सचिव लोरी चावेज-डेरेमर ने भी विवादों में घिरने के बाद पद छोड़ दिया है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, वह निजी क्षेत्र में काम करने के लिए प्रशासन से अलग हो रही हैं। हालांकि, अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका इस्तीफा कई विवादों के कारण हुआ है। उन पर अपने सुरक्षा टीम के सदस्य के साथ कथित प्रेम प्रसंग और काम के दौरान गलत आचरण जैसे गंभीर आरोप लगे थे। इन लगातार दो बड़े इस्तीफों ने ट्रंप प्रशासन के सामने एक गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।

अमेरिकी नौसेना की भूमिका बहुत संवेदनशील दौर में

ट्रंप प्रशासन में हो रहे इन लगातार बदलावों और विवादित इस्तीफों ने अमेरिकी रक्षा और प्रशासनिक ढांचे की स्थिरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, ईरान इस मौके का फायदा उठाते हुए इसे कूटनीतिक जीत और अमेरिकी कमजोरी के रूप में पेश कर रहा है। अब पूरी दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हुई हैं कि व्हाइट हाउस और पेंटागन इन अहम पदों (खासकर नौसेना प्रमुख) पर किन नए चेहरों को नियुक्त करते हैं, क्योंकि मध्य पूर्व में अमेरिकी नौसेना की भूमिका इस समय बहुत संवेदनशील दौर में है। यह पूरा घटनाक्रम सिर्फ वाशिंगटन की राजनीतिक उथल-पुथल नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर मध्य पूर्व में शांति के प्रयासों, तेल व्यापार और होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों की वैश्विक सुरक्षा पर पड़ने वाला है।
(इनपुट: ANI)