
बीजिंग में डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग (फोटो- ANI)
Beijing Summit: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने आज चीन (China) की राजधानी बीजिंग में ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। इस दौरान ट्रंप को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मुलाकात के बाद अधिकारियों के साथ दोनों राष्ट्राध्यक्षों की बैठक शुरू हो गई है। इस दौरे में सबसे बड़ी चर्चा बोइंग विमान की डील को लेकर है।
चीन अमेरिकी कंपनी बोइंग से लगभग 9 लाख करोड़ रुपये मूल्य के विमानों की खरीद का बड़ा समझौता कर सकता है। यदि यह सौदा पूरा होता है तो यह विश्व की सबसे बड़ी एविएशन डील्स में से एक बन सकती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को साझेदार होना चाहिए, न कि प्रतिद्वंदी। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि दुनिया बदलाव से गुजर रही है। यह एक सदी में नहीं देखा गया है। उन्होंने वैश्विक अनिश्चितता के बीच अमेरिका और चीन के संबंध को मजबूत करने पर भी जोर दिया है। चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि पूरी दुनिया हमारी बैठक को देख रही है।
शी ने द्विपक्षीय वार्ता के दौरान कहा कि क्या चीन और अमेरिका थ्यूसीडाइड्स ट्रैप से उबरकर बड़े देशों के संबंधों का एक नया प्रतिमान बना सकते हैं? क्या हम मिलकर वैश्विक चुनौतियों का सामना कर सकते हैं और दुनिया को अधिक स्थिरता प्रदान कर सकते हैं? क्या हम, अपने दोनों देशों के लोगों की भलाई और मानवता के भविष्य के हित में अपने द्विपक्षीय संबंधों के लिए मिलकर एक उज्जवल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं?
उन्होंने आगे कहा कि ये ऐसे सवाल हैं जो इतिहास, दुनिया और लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ये हमारे समय के ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब हम दोनों को बड़े देशों के नेताओं के तौर पर देना होगा।
दरअसल, थ्यूसीडाइड्स ट्रैप के जरिए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच हाल में हुए युद्ध की ओर इशारा किया। थ्यूसीडाइड्स ट्रैप को सबसे पहले हार्वर्ड के विद्वान ग्राहम टी. एलिसन ने लोकप्रिय बनाया था। उन्होंने इस शब्द का प्रयोग संघर्ष के बढ़ते जोखिम को उजागर करने के लिए इस्तेमाल किया था। ये जोखिम तब पैदा होते हैं, जब कोई उभरती हुई शक्ति, किसी मौजूदा वैश्विक शक्ति के प्रभुत्व को चुनौती देती है।
उधर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को महान नेता बताया। ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका और चीन के रिश्ते पहले से बेहतर होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वह जिनपिंग के साथ बातचीत को लेकर उत्साहित हैं और अमेरिका में हर कोई इस शिखर बैठक की चर्चा कर रहा है।
ट्रम्प ने कहा कि आपके साथ होना सम्मान की बात है। आपका दोस्त होना सम्मान की बात है और अमेरिका और चीन के रिश्ते पहले से बेहतर होने वाले हैं।
Updated on:
14 May 2026 09:35 am
Published on:
14 May 2026 08:17 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
