
वेनेजुएला भूकंप(फोटो-X/@EliAfriatISR)
Venezuela Earthquake 2026: वेनेजुएला में बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद अंतरराष्ट्रीय राहत अभियान तेज हो गया है। 7.2 और 7.5 तीव्रता के इन लगातार झटकों में अब तक कम से कम 188 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1,500 से ज्यादा लोग घायल हैं। बड़ी संख्या में लोग अब भी मलबे में फंसे बताए जा रहे हैं। इसी बीच अमेरिका, मेक्सिको, कोलंबिया, स्पेन, फ्रांस, इटली, पनामा और इक्वाडोर समेत कई देशों ने नकद मदद, रेस्क्यू टीमें, मेडिकल स्टाफ और राहत सामग्री भेजनी शुरू कर दी है।
भूकंप के दोनों झटके काराकास से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में आए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कम से कम 250 इमारतों को नुकसान पहुंचा है और करीब 200 लोग मलबे में फंसे हुए हैं। राहत एजेंसियों का मानना है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने वेनेजुएला के लिए 150 मिलियन डॉलर की मानवीय सहायता जुटाने की घोषणा की है। इसमें 50 मिलियन डॉलर नई द्विपक्षीय फंडिंग के तौर पर दिए जाएंगे, जो वर्ल्ड फूड प्रोग्राम और इंटरनेशनल मेडिकल कॉर्प्स जैसे साझेदार संगठनों तक पहुंचेंगे। इसके अलावा 100 मिलियन डॉलर संयुक्त राष्ट्र के एक पूल फंड में दिए जाएंगे, ताकि राहत और बचाव अभियान को तेज किया जा सके।
मेक्सिको ने 250 सैन्य बचावकर्मी, पांच रेस्क्यू डॉग, चार विमान, एक ड्रोन, बचाव उपकरण और मेडिकल सप्लाई भेजने की घोषणा की है। कोलंबिया ने 60 से अधिक सदस्यों वाली शहरी खोज एवं बचाव टीम, चार डॉग स्क्वॉड और 12 टन उपकरण रवाना किए हैं। इक्वाडोर 46 विशेषज्ञों, दो खोजी कुत्तों और छह टन उपकरणों के साथ मदद भेज रहा है। पनामा ने भी रेस्क्यू मिशन और मानवीय सहायता की घोषणा की है।
यूरोप से भी मदद पहुंचनी शुरू हो गई है। फ्रांस ने मेडिकल टीम, इंजीनियरों और खोजी कुत्तों के साथ शहरी खोज एवं बचाव इकाई भेजने का फैसला किया है। स्पेन 57 सैनिकों और मैड्रिड क्षेत्र के 40 दमकलकर्मियों को सैन्य विमान से वेनेजुएला भेज रहा है। साथ ही स्पेन की विकास एजेंसी वहां फील्ड हॉस्पिटल भी बनाएगी। इटली ने एडवांस टीम भेजने और फायरफाइटर्स व रक्षा संसाधनों को सक्रिय करने की घोषणा की है।
वेटिकन मीडिया के मुताबिक पोप लियो 14वें ने वेनेजुएला भूकंप राहत के लिए वेटिकन चैरिटी फंड से 1 लाख यूरो भेजे हैं। वहीं वर्ल्ड सेंट्रल किचन के संस्थापक शेफ जोस एंड्रेस ने बताया कि उनकी टीम ने काराकास में भोजन बांटना शुरू कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका लॉन्गर टेबल्स फंड तत्काल 10 लाख डॉलर की अतिरिक्त मदद देगा।
Updated on:
26 Jun 2026 05:45 am
Published on:
26 Jun 2026 05:40 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
