27 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

West Bengal Election: वोट के लिए ‘नाई’ बन गए बीजेपी विधायक, कोई बनाने लगा रोटी

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले उम्मीदवार अनोखे तरीके अपना रहे हैं। कैंपेन के दौरान लोगों से जुड़ाव बढ़ाने के लिए वह कभी नाई बन जाते हैं तो कभी लोगों के साथ चूल्हें पर रोटियां सेकते हुए दिखाई पड़ रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...

2 min read
Google source verification
bjp

बीजेपी। पत्रिका फाइल फोटो

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। इस बार दो चरण में वोटिंग होगी। 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होना है, जबकि 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग है। 4 मई को नतीजे आएंगे। भाजपा, तृणमूल, कांग्रेस व लेफ्ट के उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार के लिए पारंपरिक रैलियों और भाषणों से हटकर अनोखे तरीके अपनाए हैं। वे मतदाताओं से सीधा जुड़ाव बनाने के लिए उनके दैनिक जीवन में शामिल हो रहे हैं।

TMC उम्मीदवार ने खेला हांडी फोड़ खेल

बीरभूम जिले के दुब्राजपुर (अनुसूचित जाति आरक्षित) सीट पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) उम्मीदवार नरेश चंद्र बौरी ने पिछले सप्ताह ईद के अवसर पर 'हांडी फोड़' खेल खेला। आंखों पर पट्टी बांधकर लटकती मिट्टी की हांडी को तोड़ने की कोशिश में वे असफल रहे, लेकिन उन्होंने इस मौके का उपयोग राजनीतिक संदेश देने के लिए किया। बौरी ने कहा कि भाजपा को भी आगामी चुनावों में इसी तरह हराया जाएगा। बौरी 2016 में टीएमसी टिकट पर इस सीट से विजयी रहे थे, जबकि 2021 में उनकी पार्टी का उम्मीदवार भाजपा के अनूप कुमार साहा से हार गया था। दुब्राजपुर बीरभूम जिले की एकमात्र सीट थी, जहां भाजपा 2021 में सफल रही थी। यह क्षेत्र टीएमसी के दबदबे वाले नेता अनुब्रत मंडल का गढ़ माना जाता है।

मतदाताओं को रिझाने के लिए नाई बने BJP विधायक

वहीं, भाजपा के वर्तमान विधायक अनूप कुमार साहा ने मतदाताओं से जुड़ने के लिए नाई बन गए। उन्होंने एक स्थानीय व्यक्ति की दाढ़ी बनाने की पेशकश की। उनका एक व्यक्ति दाढ़ी बनाते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। अपने इस अनोखे कैंपेन को लेकर अनूप साहा ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत के दौरान कहा कि मेरे लिए सभी से बात करना महत्वपूर्ण है। जब मैंने देखा कि एक व्यक्ति दाढ़ी बनाने बैठा है, तो मैंने उसे सेवा देने और बात करने का अवसर लिया। इससे मैंने नाई समुदाय का सम्मान दिखाया और हर पल का उपयोग लोगों को बदलाव की जरूरत बताने में किया।

लोगों के साथ सेंकी चूल्हे पर रोटियां

हुगली जिले के पुरशुराह निर्वाचन क्षेत्र में टीएमसी उम्मीदवार पार्थ हजारी एक मतदाता की रसोई में दाखिल हुए। घर में एलपीजी सिलेंडर खत्म हो जाने पर उन्होंने पारंपरिक मिट्टी के चूल्हे पर रोटियां बेलीं और सेंकीं। हजारी ने कहा कि उन्होंने एलपीजी की कमी का मुद्दा उठाने के लिए यह किया। पार्थ हजारी ने LPG क्राइसिस के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आगे कहा कि कई परिवार गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान हैं।

बीजेपी उम्मीदवार ने खेत में जुताई की

पुरशुराह के भाजपा विधायक बिमान घोष ने ग्रामीण मतदाताओं से जुड़ाव दिखाने के लिए खेत में जुताई की। उधर, आरामबाग निर्वाचन क्षेत्र के हाटबसंतापुर इलाके में टीएमसी उम्मीदवार मीता बाग भी गांव की लकड़ियों के साथ गोबर के उपले बनाते हुए नजर आईं।

झाड़ग्राम जिले में भाजपा के गोपीबल्लभपुर उम्मीदवार राजेश महतो ने गांव वालों के साथ भक्ति गीत गाकर और गुलाल खेलकर अपना अभियान शुरू किया। गोघाट सीट पर टीएमसी उम्मीदवार निर्मल माजी ने एक व्यक्ति के घर में खाना पकाया।
वे प्रचार के दौरान स्टेथोस्कोप से मरीजों की जांच भी करते दिखे। भाजपा उम्मीदवार प्रशांत दिगार किसान के आलू के खेत में फसल कटाई में स्थानीय लोगों की मदद करते नजर आए।