
West Bengal Result (Photo Credit - Chatgpt)
West Bengal vote counting: पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल ने रविवार को कहा कि 4 मई को होने वाली शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतगणना प्रक्रिया के लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह प्रक्रिया स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाएगी और इसमें किसी भी तरह की अशांति की कोई गुंजाइश नहीं होगी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, 'वोटों की गिनती स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। हम पूरी तरह से तैयार हैं; कहीं भी कोई अशांति नहीं होगी। कल यानी 4 मई की मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी।'
इस बीच, चुनाव आयोग ने पुष्टि की है कि पश्चिम बंगाल के सभी निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसमें कूचबिहार जिले के अंतर्गत आने वाला मेखलीगंज विधानसभा क्षेत्र भी शामिल है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में आयोग ने कहा, 'मतगणना दिवस के लिए सब कुछ तैयार है। कूचबिहार जिले के 1-मेखलीगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए निर्धारित मतगणना केंद्र, मेखलीगंज हायर सेकेंडरी स्कूल में सभी इंतजाम पूरे हो चुके हैं।'
मतगणना दिवस से पहले पूरे पश्चिम बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिसमें कोलकाता स्थित स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर का इलाका भी शामिल है। भवानीपुर स्थित सखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल और नेताजी इंडोर स्टेडियम जैसे प्रमुख स्थानों के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इसके अलावा, फलता जैसे संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जहां पहले कथित तौर पर डराने-धमकाने की घटनाओं को लेकर विरोध-प्रदर्शन की खबरें सामने आई थीं।
चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्रों के लिए बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रणाली लागू की है। इसके तहत मतगणना केंद्रों के चारों ओर 100 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया गया है। प्रवेश द्वारों पर राज्य सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेंगे, जबकि मतगणना कक्षों और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के पास होगी।
पहली बार QR कोड आधारित एंट्री सिस्टम
पहली बार ECINET के माध्यम से QR कोड आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली शुरू की गई है। यह प्रणाली अधिकारियों, उम्मीदवारों, चुनाव एजेंटों और कर्मचारियों सहित सभी अधिकृत व्यक्तियों पर लागू होगी।
मतगणना सुबह 8:00 बजे डाक मतपत्र (Postal Ballots) की गिनती के साथ शुरू होगी। इसके बाद सुबह 8:30 बजे से EVM में दर्ज वोटों की गिनती शुरू की जाएगी। मतगणना के नतीजे ECINET और चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर रियल-टाइम में अपडेट किए जाते रहेंगे। पश्चिम बंगाल के साथ-साथ तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे भी 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों को लेकर सियासी उत्सुकता चरम पर है। एक तरफ ममता बनर्जी चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में हैं, तो दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी पहली बार राज्य में सरकार बनाने का दावा कर रही है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना 4 मई को होगी, जिसे निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने का भरोसा चुनाव आयोग ने दिया है। अब देखना होगा कि जनता का जनादेश किसके पक्ष में जाता है-अनुभव या बदलाव।
Updated on:
03 May 2026 08:27 pm
Published on:
03 May 2026 08:25 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
