
राहुल गांधी ने रील्स को बताया 21वीं सदी की लत (Photo-IANS)
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए पहले चरण का मतदान समाप्त हो गया है। वहीं दूसरे फेज के चुनाव प्रचार के लिए नेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को पूर्णिया में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी और एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। वहीं पीएम मोदी के सस्ता डाटा वाले बयान को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है।
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा- सस्ते डेटा ने युवाओं को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर रील्स देखने का मौका दिया है, उन्हें रोजगार नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम रील्स 21वीं सदी की लत है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपको यह नहीं बताया कि जब आप रील्स बनाते हैं और वीडियो देखते हैं, तो पैसा आपके पास नहीं आता। पैसा अंबानी के पास जाता है; यह जियो के पास जाता है।
चुनावी सभा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपके यहां आए और उन्होंने आपको 21वीं सदी का नशा दे दिया है। जो पहले शराब या ड्रग्स के ज़रिए होता था, अब इंस्टाग्राम और फेसबुक के ज़रिए होता है। युवा 24 घंटे रील देखते रहते हैं।
इस दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर युवाओं से रोज़गार छीनकर चीन को सौंपने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "वह आपको यह नहीं बताते कि उन्होंने आपका रोज़गार छीनकर चीन के युवाओं को दे दिया। उन्होंने बिहार के युवाओं को मज़दूर बना दिया।"
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में बिहार के युवा रोज़गार के लिए पलायन करने को मजबूर हैं, जबकि बड़े उद्योगपति फ़ायदा उठा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 अक्टूबर को कहा था कि एक समय था जब 1 जीबी डेटा की कीमत ₹269 तक थी, लेकिन अब यह सिर्फ़ ₹15 में उपलब्ध है। यह एक कप चाय से भी सस्ता है। कम खर्च में बड़ा कनेक्शन - यही मोदी सरकार की डिजिटल क्रांति है।
Updated on:
06 Nov 2025 07:46 pm
Published on:
06 Nov 2025 07:46 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
