
कैंट क्षेत्र में स्थित संस्कृति शाला में दिव्यांग मतदाताओं के लिए बनाया जा रहा रेम्प।
नीमच. विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक दिव्यांग मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें इसके लिए निर्वाचन आयोग विशेष तैयारियों में जुटा है। दिव्यांगों को किसी प्रकार की परेशान न हो इसके लिए उन्हें विशेष छूट देते हुए तीन पहिया वाहन सीधे मतदान कक्ष तक ले जाने की अनुमति दी जाएगी।
दिव्यांगों के लिए रहेगी अलग रंग की पर्ची
सहायक परियोजना समन्वयक और दिव्यांग नोडल अधिकारी एसआर श्रीवास्तव ने बताया कि निर्वाचन आयोग से मिले निर्देशानुसार जिले के सभी 742 मतदान केंद्रों पर रेम्प होना अनिवार्य किया गया है। जिन केंद्र पर रेम्प नहीं हैं वहां रेम्प बनाए जा रहे हैं। जिले के कुल 4 हजार 733 दिव्यांग मतदाताओं को जागरूक करने के लिए पहले ही पोस्टकार्ड अभियान चलाया जा चुका है। पहली बार दिव्यांगों के लिए अलग से मतदाता पर्ची भी छपवाई जाएगी। साथ ही चुनाव ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों कर्मचारियों को भी इस बारे में अवगत करा दिया गया है। जिन मतदाताओं के पास दिव्यांग मतदाता वाली पर्ची होगी उसे मतदान कक्ष तक जाने की इजाजत रहेगी। वे अपना वाहन चाहे बाइक हो या ट्रायसिकल सीधे मतदान कक्ष तक ले जा सकेंगे। सभी मतदान कक्षों के अंदर दिव्यांगों के लिए ह्वीलचेयर की व्यवस्था रहेगी। निर्वाचन आयोग ने मतदान कक्ष तक दिव्यांगों को पहुंचाने और पुन: घर तक छोडऩे के लिए वाहन की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए हैं। अब तक होता यह रहा है कि दिव्यांग मतदान केंद्र तक कैसे पहुंचेंगे यह सोचकर मतदान करने ही नहीं जाते हैं। अब ऐसा नहीं होगा। उन्हें लाइन में लगने तक की आवश्यकता नहीं रहेगी। सीधे मतदान करने जा सकेंगे। मतदान केंद्र पर लाइन लम्बी होने की स्थिति में दिव्यांगों के बैठने की भी पृथक से व्यवस्था रहेगी। दिव्यांगों को मत डालने में किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए दिव्यांग मित्र भी बनाए जाएंगे। यह मित्र पूरी तरह से गैर राजनीतिक होंगे। इनमें बीएसडब्ल्यू के विद्यार्थी, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र के सदस्य, एनजीओ से जुड़े सदस्य शामिल किए जाएंगे।
गर्भवती महिला सीधे करेंगी मतदान
निर्वाचन आयोग ने बुजुर्ग और गर्भवती मतदाताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। गर्भवती मतदाता को सीधे मतदान करने की अनुमति रहेगी। 60 साल से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए केंद्र पर विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नेत्रहीन मतदाताओं के लिए पहली बार ब्रेललिपि में पर्ची दी जाएगी। जिससे वे छूकर अपने बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। जिले में ऐसे नेत्रहीन मतदाताओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है जो ब्रेललिपि जानते हैं। इसके आधार पर पर्ची तैयार कराई जाएगी।
- एसआर श्रीवास्तव, दिव्यांग नोडल अधिकारी
Published on:
23 Oct 2018 10:27 pm
