- नीमच में 4791 किसानों को बांटे जाएंगे 6 करोड़ 55 लाख रुपए- 16 को होगा किसान सम्मेलन
नीमच. इन दिनो सत्ता हो, विपक्ष हो या कोई भी राजनैतिक दल सभी के केंद्र में किसान ही हैं। नीमच-मंदसौर जिलों में पिछले वर्ष इन महीनों में ही हुए किसान आंदोलन की आंच इतनी फैल गई है कि हर दल अब किसानों को साधने में जुटा है। दरअसल मालवा के उस आंदोलन के कारण ही सरकार का बार-बार ध्यान पूरे मध्यप्रदेश के किसानों की तरफ जा रहा है। मप्र सरकार ने भावांतर, समर्थन मूल्य, किसान समृद्धि जैसी योजनाएं लागू कर दी। इन सबके बाद १६ अप्रैल को फिर जिला स्तर पर किसान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। नीमच में होने जा रहे किसान सम्मेलन में पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर जिन किसानों ने गेहूं का विक्रय किया था उन्हें प्रति क्विंटल 200 रुपए उत्पादकता प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
यह मिलेगा किसानों को लाभ-
प्रशासन के साथ पूरा कृषि विभाग का अमला इन दिनों किसानों के लिए जुटा हुआ है। दो दिन पहले घोषित की गई कार्ययोजना के मुताबिक 16 अप्रैल को होने वाले किसान सम्मेलन में जिले के 4971 किसानों को 6 करोड़ 55 लाख 2900 रुपए की राशि वितरित की जाएगी। यह उत्पादकता प्रोत्साहन राशि वर्ष 2016-17 में गेहूं उपार्जन प्रक्रिया में गेहूं विक्रय करने वाले किसानों को दी जा रही है। बीते वर्ष गेहूं उपार्जन में किसानों ने 30 हजार 276 मेट्रिक टन गेहूं विक्रय किया था। इसी तरह चना, सरसों और मसूर का उपार्जन करने वाले किसानों के लिए ९ जून को कार्यक्रम आयोजित कर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जबकि 15 से 30 मई तक चलने वाली गेहूं उपार्जन की इस वर्ष की प्रक्रिया के बाद 10 जून को एक वृहद कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को इस वर्ष की उत्पादकता प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
यह होगा कार्यक्रम-
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों को प्रोत्साहन राशि वितरण के लिए 16 अप्रैल को शासकीय बालक उमावि क्रमांक 2 के मैदान पर दोपहर 12 बजे से जिला स्तरीय किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें शाजापुर में मुख्यमंत्री के आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा। जिला स्तरीय किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि सांसद सुधीर गुप्ता होंगे अध्यक्षता नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार करेंगे। मनासा विधायक कैलाश चावला, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, जिला पंचायत अध्यक्ष अवंतिका मेहरसिंह जाट, नपा अध्यक्ष राकेश जैन पप्पू सहित जनप्रतिनिधि अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रमसिंह ने बैठक लेकर दिशा निर्देश जारी किए हैं।